
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल से कोटा जाने वाले यात्रियों को 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। कोटा स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर-2 पर निर्माण कार्य के चलते भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस का ठहराव कोटा के बजाय सोगरिया स्टेशन पर रहेगा। ऐसे में यात्रियों को कोटा पहुंचने और वहां से ट्रेन पकड़ने के लिए अतिरिक्त दूरी तय कर सड़क परिवहन का सहारा लेना होगा।
रेलवे के अनुसार, प्लेटफार्म नंबर-2 पर निर्माण कार्य के लिए रेल परिचालन बंद रखा जाएगा। इसके चलते चार ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। इनमें भोपाल मंडल से संबंधित भोपाल-जोधपुर और जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस शामिल हैं। ट्रेन नंबर 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक सोगरिया-चंबल केबिन-गुरला होकर चलेगी।
यह ट्रेन कोटा स्टेशन नहीं जाएगी। सोगरिया में इसका ठहराव रात 2:10 से 2:20 बजे तक रहेगा। इसी तरह ट्रेन नंबर 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस भी परिवर्तित मार्ग से चलेगी। इसका सोगरिया में ठहराव रात 11:30 से 11:40 बजे तक रहेगा।
इसके अलावा जबलपुर-अजमेर दयोदय एक्सप्रेस भी इस ब्लाक से प्रभावित रहेगी। ट्रेन नंबर 12181 जबलपुर-अजमेर एक्सप्रेस 23 नवंबर से 6 दिसंबर तक और ट्रेन नंबर 12182 अजमेर-जबलपुर एक्सप्रेस 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। इन दोनों ट्रेनों का भी कोटा के बजाय सोगरिया स्टेशन पर अस्थायी ठहराव रहेगा।
यह भी पढ़ें- एमपी के 5 लाख आउटसोर्स कर्मियों के लिए खुशखबरी, नहीं जाएगी किसी की नौकरी, सीएम मोहन यादव ने दिया भरोसा
भोपाल से कोटा जाने वाले यात्रियों को अब सोगरिया स्टेशन पर उतरना होगा। यहां से कोटा पहुंचने के लिए सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ेगा। वहीं कोटा से भोपाल आने वाले यात्रियों को भी सोगरिया पहुंचकर ट्रेन पकड़नी होगी। रात में ठहराव होने से यात्रियों को परिवहन की व्यवस्था खुद करनी पड़ेगी।