दिल्ली से भोपाल आ रही थी एमडी की खेप, वकील पब और लाउंज में करता था सप्लाई; तीन आरोपी गिरफ्तार
भोपाल क्राइम ब्रांच ने दिल्ली से एमडी ड्रग्स लाकर खपाने वाले नेटवर्क का खुलासा किया है। मुख्य आरोपित वकील मुकुल धौलपुरे सहित तीन लोग गिरफ्तार हुए हैं।...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 20 Oct 2026 10:23:01 AM (IST)Updated Date: Tue, 20 Oct 2026 10:23:01 AM (IST)
दिल्ली से भोपाल आ रही थी एमडी की खेप। (एआई जनरेटेड)HighLights
- क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स नेटवर्क का किया भंडाफोड़।
- मामले में मुकुल, दिव्यांशु और रितिक बाथम हुए गिरफ्तार।
- दिल्ली के नाइजीरियाई तस्कर से मिलती थी ड्रग्स की खेप।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दिल्ली से एमडी (मेफेड्रोन) की खेप लाकर भोपाल में खपाने वाले नेटवर्क का क्राइम ब्रांच ने खुलासा किया है। इस मामले में सोमवार को रितिक बाथम की गिरफ्तारी के साथ पकड़े गए आरोपितों की संख्या तीन हो गई है। इससे पहले मुख्य आरोपी मुकुल धौलपुरे की निशानदेही पर दिव्यांशु को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अब दिल्ली में सक्रिय नेटवर्क से जुड़े एक अन्य संदिग्ध की तलाश कर रही है।
ये है पूरा मामला
- क्राइम ब्रांच पुलिस के अनुसार पूछताछ में मुकुल ने दिल्ली में रहने वाले एक तस्कर के माध्यम से एमडी मिलने की बात बताई है। उसने बताया कि ड्रग की खेप एक नाइजीरियाई नागरिक से मिलती थी। इसके बाद भोपाल में सप्लाई करने के लिए दिव्यांशु और रितिक को कमीशन दिया जाता था।
पुलिस आरोपितों के संपर्कों और ड्रग सप्लाई के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी शहर के नामचीन पब और लाउंज में बैठते थे। इन जगहों की नेटवर्क में भूमिका की जांच की जा रही है। अदालत के पिछले गेट पर पकड़ा गया था मुकुल
- शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिला अदालत के पिछले गेट के पास एक युवक ड्रग की डिलीवरी देने के लिए खड़ा है। क्राइम ब्रांच ने मौके पर पहुंचकर जहांगीराबाद निवासी मुकुल ढोलपुरे को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से करीब चार ग्राम एमडी मिली, जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई।