MP High Court: 2003 में भर्ती हुए आयुष शिक्षकों को बड़ी राहत, मिलेगी पुरानी पेंशन
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट, जबलपुर ने आयुष विभाग के 2003 में संविदा पर नियुक्त 11 शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने के आदेश दिए हैं।
Publish Date: Fri, 13 Nov 2026 12:26:35 PM (IST)Updated Date: Fri, 13 Nov 2026 12:26:35 PM (IST)
प्रतीकात्मक, एआई से तैयार फोटो।HighLights
- 11 शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ
- 2005 से पहले की नियुक्ति मान्य
- यूनानी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर को राहत
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। आयुष विभाग के शासकीय आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी महाविद्यालयों में 2003 में संविदा पर भर्ती हुए 11 शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ मिलेगा। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट, जबलपुर ने अलग-अलग रिट याचिकाओं पर सुनवाई के बाद इनके पक्ष में आदेश दिया है।
कोर्ट ने माना कि सभी शिक्षक नई पेंशन योजना लागू होने की तिथि 13 अप्रैल 2005 से पहले संविदा पर नियुक्त हुए थे और बाद में नियमों के अनुसार नियमित किए गए। इसलिए उन्हें बैकडोर एंट्री नहीं माना जा सकता और उनकी पिछली सेवा पेंशन के लिए गिनी जाएगी।
याचिका पर हुआ निर्णय
प्रमुख मामला यूनानी मेडिकल कॉलेज भोपाल के डॉ. महफूजुर रहमान का है। वे 26 जून 2003 को संविदा पर नियुक्त हुए और 30 मार्च 2007 को नियमित हुए। न्यायमूर्ति विशाल धगट की पीठ ने 6 अप्रैल 2026 को याचिका डब्ल्यूपी/12884/2024 में उन्हें पुरानी पेंशन देने का निर्देश दिया।
याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता जुबिन प्रसाद ने ममता शुक्ला बनाम मप्र शासन (2011) तीन एमपीएलजे 210 फैसले का हवाला दिया, जिसमें भर्ती नियमों से हुई नियुक्ति की पिछली सेवा को पेंशन के लिए मान्य बताया गया है।
इनको मिला लाभ
राहत पाने वाले अन्य शिक्षकों में डॉ. राजीव सेंगर, डॉ. मुकेश कवीश्वर, डॉ. सुरेश चंद अवस्थी, डॉ. कहकशा जाफरी, डॉ. राजेन्द्र कुमार गुप्ता, डॉ. बबीता श्रीवास्तव, डॉ. जुबेर अहमद अंसारी, डॉ. राजेंद्र सिंह परिहार, डॉ. हरि सिंह चौरसिया और डॉ. जेनेश कुमार जैन शामिल हैं।