
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम के दोहरे रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर जहां दिन में धूप निकलने से अधिकांश शहरों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, वहीं रात के तापमान में गिरावट से ठिठुरन बढ़ने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान इंदौर में 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदौर की रात हिल स्टेशन पचमढ़ी 13.2 डिग्री से भी अधिक सर्द रही।
वहीं न्यूनतम तापमान में सबसे बड़ी गिरावट रायसेन में देखी गई, जहां पारा 6.3 डिग्री लुढ़ककर 12.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसके अलावा इंदौर में 3.4 डिग्री, सिवनी में 2.4 डिग्री, जबलपुर में 1.6 डिग्री और दमोह में 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। छिंदवाड़ा में न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री और दमोह में 12.6 डिग्री रहा। दूसरी ओर, दतिया में रात के तापमान में 5.7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई और यह 17.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
दिन के तापमान की बात करें तो छतरपुर जिले के खजुराहो 34.0 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। खरगोन में 33.8 डिग्री, खंडवा में 33.5 डिग्री और मंडला में 33.0 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। रायसेन में दिन के तापमान में सर्वाधिक 4.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई।
राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री 1.5 डिग्री की बढ़त और न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस 0.6 डिग्री की गिरावट रिकार्ड किया गया। पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है।
यह भी पढ़ें- एमपी शिक्षक पात्रता परीक्षा में बैठेंगे 33,834 अभ्यर्थी, 52 जिलों के कलेक्टर 20 नवंबर तक तय करेंगे केंद्र
| शहर | अधिकतम (°C) | न्यूनतम (°C) |
| भोपाल | 31.6 | 15.0 |
| इंदौर | 31.2 | 11.8 |
| ग्वालियर | 32.3 | 16.2 |
| जबलपुर | 31.9 | 14.0 |
नोट -- तापमान डिग्री सेल्सियस में