
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिम) की विभिन्न शुल्क व्यवस्थाओं को लेकर प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने सवाल उठाए हैं। एसोसिएशन का आरोप है कि मंडल द्वारा स्कूलों से संबद्धता शुल्क के साथ परीक्षा फार्म और त्रुटि सुधार के लिए भी अलग-अलग राशि ली जा रही है, जबकि इन प्रक्रियाओं का अधिकांश काम संबंधित विद्यालय स्वयं आनलाइन पोर्टल से करते हैं।
एसोसिएशन के पदाधिकारी अजीत सिंह ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय से प्रतिवर्ष करीब 18 हजार रुपये संबद्धता शुल्क लिया जाता है। उनका दावा है कि यह राशि जमा करने के बाद ही परीक्षा फार्म भरने के लिए पोर्टल उपलब्ध होता है। इसके अलावा परीक्षा फार्म के लिए प्रति विद्यार्थी करीब 1500 रुपये और फार्म में त्रुटि होने पर सुधार के नाम पर 750 रुपये प्रति विद्यार्थी शुल्क लिया जाता है।
अजीत सिंह ने कहा कि एसोसिएशन पहले भी कई बार शुल्क व्यवस्था का विरोध कर चुका है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मंडल ने शुल्क और आनलाइन प्रक्रियाओं की व्यवस्था में सुधार नहीं किया तो निजी स्कूल एसोसिएशन गांधीवादी तरीके से सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होगा।
यह भी पढ़ें- भोपाल में गड्ढों से मिलेगी राहत, नगर निगम ने तेज किया सड़कों की मरम्मत का अभियान, कई इलाकों में डामरीकरण
एसोसिएशन का कहना है कि कक्षा नौवीं और 11वीं की त्रैमासिक, अर्द्धवार्षिक और वार्षिक परीक्षाओं के अंक भी मंडल के पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करने होते हैं। इसके लिए भी अलग से शुल्क वसूले जाने का आरोप लगाया गया है। स्कूल स्वयं डाटा दर्ज करते हैं, ऐसे में शुल्क की व्यवस्था पर पुनर्विचार होना चाहिए।