
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी की खस्ताहाल सड़कों और गड्ढों से वाहन चालकों को राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने मरम्मत अभियान तेज कर दिया है। शहर के अलग-अलग इलाकों में डामरीकरण, सीमेंट कांक्रीटीकरण और पैचवर्क कराया जा रहा है। निगम का दावा है कि इन कार्यों से आवागमन सुरक्षित और सुगम होगा। हालांकि, असली चुनौती मरम्मत की गुणवत्ता और काम समय पर पूरा कराने की रहेगी।
निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर शनिवार को यांत्रिकी विभाग ने जोन-2 के वार्ड-21 स्थित जुमेराती और दयानंद चौक में सड़क का डामरीकरण कराया। जेपी नगर, कोटरा सुल्तानाबाद और अविनाश नगर में सीमेंट कांक्रीटीकरण का काम जारी है। अयोध्या नगर के एल सेक्टर में भी डामरीकरण के लिए सड़क समतल की जा रही है।
यह भी पढ़ें- 'रामेश्वर भी एक शादी करेगा और अब्दुल्ला भी एक', खंडवा में UCC पर बोले BJP MLA रामेश्वर शर्मा
इसके अलावा बैरागढ़ कलां, नवीन नगर और अवधपुरी की विभिन्न कॉलोनियों में गड्ढे भरने और पैचवर्क का काम चल रहा है। चेतक ब्रिज के लेफ्ट टर्न और गौतम नगर मुख्य मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत इंस्टा पैचर मशीन से कराई गई है।