
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। 20 किलो गांजा तस्करी के मामले में विशेष एनडीपीएस न्यायालय ने अभियुक्त को दस वर्ष के सश्रम कारावास और एक लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश डॉ. मुकेश मलिक की अदालत ने अभियुक्त प्रेमशंकर उर्फ भल्ला को दोषी ठहराते हुए यह दंडादेश पारित किया। जुर्माना राशि जमा नहीं करने पर अभियुक्त को छह माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा। मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से एडीपीओ विक्रम सिंह ने पैरवी की।
प्रकरण पिपलानी थाना क्षेत्र में वर्ष 2019 में दर्ज मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित है। पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2019 की रात से एक नवंबर की मध्यरात्रि के बीच हथाईखेड़ा रोड स्थित पशु अनुसंधान केंद्र के सामने गांजा बरामदगी का मामला सामने आया था।
इस संबंध में पिपलानी थाने में अपराध क्रमांक 1042/2019 दर्ज किया गया था। पुलिस ने स्वापक औषधि व मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 8 और 20 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की थी।
जांच के दौरान अभियुक्त प्रेमशंकर उर्फ भल्ला, पिता सुखलाल अहिरवार, उम्र 50 वर्ष, निवासी कागदीपुरा नीमताल, जिला विदिशा के अन्य व्यक्ति के साथ संयुक्त आधिपत्य से 20 किलो गांजा बरामद होने का मामला सामने आया। न्यायालय में विचारण के दौरान प्रस्तुत साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर अभियुक्त को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी) सहपठित धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत दोषी पाया गया।
यह भी पढ़ें- भोपाल में तब्लीगी इज्तिमा की तैयारियां तेज, 800 पुलिसकर्मी होंगे तैनात, प्रतिदिन 2 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान
अदालत ने 26 नवंबर 2026 को सजा सुनाते हुए अभियुक्त को केंद्रीय जेल भोपाल भेजने का वारंट जारी किया। जुर्माना राशि जमा नहीं होने के कारण वारंट में अतिरिक्त सजा का भी उल्लेख किया गया है। न्यायालय ने जेल प्रशासन को अभियुक्त को अभिरक्षा में लेकर दंड का नियमानुसार निष्पादन करने के निर्देश दिए हैं।