
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ईंटखेड़ी में 4 से 7 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले वार्षिक तब्लीगी इज्तिमा को देखते हुए भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और धर्मावलंबियों की आवाजाही को व्यवस्थित करने की तैयारी शुरू हो गई है। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-6 स्थित पार्किंग स्थल को 28 नवंबर से अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
यह व्यवस्था 7 दिसंबर तक लागू रहेगी। यहां इज्तिमा में आने वाले लोगों के ठहरने के लिए टेंट लगाए जा रहे हैं। इस पार्किंग में करीब 800 दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े हो सकते हैं। ऐसे में भोपाल के यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले पार्किंग के वैकल्पिक इंतजाम करने होंगे।
इज्तिमा में शामिल होने वाले लोगों का भोपाल पहुंचना 2 दिसंबर से शुरू होने की संभावना है। प्रतिदिन एक से दो लाख लोगों की आवाजाही का अनुमान है। इसे देखते हुए रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन, टिकट व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात को लेकर रेलवे, जीआरपी और पुलिस प्रशासन के बीच समन्वय बैठक हुई। बैठक पुलिस अधीक्षक रेलवे भोपाल के नेतृत्व में प्लेटफार्म-1 स्थित आईआरसीटीसी लाउंज में आयोजित की गई।
यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए 1 दिसंबर से प्लेटफार्म नंबर-1 पर दो अतिरिक्त टिकट काउंटर शुरू किए जाएंगे। भोपाल एक्सप्रेस, श्रीधाम एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस, दैहराबाद और मुंबई-महाराष्ट्र की ओर से आने वाली ट्रेनों में यात्रियों की आवाजाही पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
स्टेशन पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए 800 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही आयोजन से जुड़े विशेष अतिथियों की सूची तैयार करने और व्यवस्थाएं संभालने के लिए वालंटियर तैनात किए जाएंगे।
स्टेशन पर यात्रियों के सुचारू आवागमन, ईंटखेड़ी तक पहुंचने के लिए यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, आवास और भोजन व्यवस्था पर चर्चा हुई। इसके अलावा आपातकालीन चिकित्सा सुविधा, फायर ब्रिगेड की तैनाती, रेडियो सेट से सूचनाओं का आदान-प्रदान और पार्किंग शेड क्षेत्र में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी जोर दिया गया। अफवाहों को रोकने और संवेदनशील मुद्दों पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़ें- 'हिंदू लड़कियां ऐसी ही होती हैं...', राइड कैंसिल की तो भड़का रैपिडो ड्राइवर, गाली-गलौज कर भेजे अश्लील फोटो
यात्रियों और आम नागरिकों से अपील है कि वे पार्किंग बंद होने की व्यवस्था को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा की तैयारी करें, ताकि इज्तिमा के दौरान उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।- सौरभ कटारिया, सीनियर डीसीएम, भोपाल