नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। सतपुड़ा भवन स्थित राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के राज्य केंद्र में चोर करीब 20 एसी के कॉपर पाइप काटकर ले गए। वारदात 12 से 14 सितंबर के सार्वजनिक अवकाश के दौरान प्रथम तल पर हुई।
हैरानी की बात यह है कि घटना के करीब 28 दिन बाद पांच अक्टूबर को अरेरा हिल्स थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई।
संवेदनशील परिसर में चोरी
एनआईसी में सरकारी विभागों की डिजिटल सेवाओं से जुड़े सर्वर और महत्वपूर्ण आईटी उपकरण मौजूद हैं। ऐसे संवेदनशील परिसर में चोरी और घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, एनआईसी के निदेशक एवं सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने शिकायत में बताया कि अज्ञात चोर कार्यालय के बाहरी गलियारे में लगे एसी के कॉपर पाइप काटकर ले गए।
एसी बंद होने से काम प्रभावित
पाइप कटने से एसी बंद हो गए, जिससे कार्यालय का कामकाज भी प्रभावित हुआ। चोरी में किसी सर्वर या महत्वपूर्ण दस्तावेज के गायब होने की पुष्टि नहीं हुई है।
हालांकि, परिसर में डिजिटल सेवाओं से जुड़े अहम उपकरणों की मौजूदगी के बावजूद निगरानी व्यवस्था में कमी सामने आई है।
एएसआई कौशल पाल ने बताया कि घटनास्थल और उसके आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।