फ्लैट के नाम पर दंपती ने 30 लोगों से ठगे करोड़ों रुपये, भोपाल आते ही चढ़े पुलिस के हत्थे
भोपाल में फ्लैट दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले फरार बिल्डर दंपती संदीप रमतानी और संगीता को अयोध्या नगर पुलिस ने बैरागढ़ से पकड़ा।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 10:40:11 AM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 10:40:11 AM (IST)
संदीप रमतानी और पत्नी संगीता। सौजन्य: पुलिसHighLights
- फरार बिल्डर दंपती संदीप रमतानी और संगीता गिरफ्तार
- भोपाल में अयोध्या नगर पुलिस ने बैरागढ़ से पकड़ा
- फ्लैट बुकिंग के नाम पर करीब 30 लोगों से रुपये वसूले
नईदुनिया प्रतिनिधि भोपाल। फ्लैट दिलाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले बिल्डर दंपती संदीप रमतानी और उसकी पत्नी संगीता को अयोध्या नगर पुलिस ने शुक्रवार रात को गिरफ्तार किया है। दोनों आरपित करीब दो साल से फरार थे। पुलिस ने उन्हें बैरागढ़ से पकड़ा है।
न फ्लैट बनाए, न पैसा लौटाया
आरोपितों ने अयोध्या बायपास स्थित सागर एवेन्यू के पास निर्माणाधीन बिल्डिंग में लोगों को फ्लैट बुक कराए थे। इसके एवज में उनसे लाखों रुपये लिए, लेकिन न तो फ्लैट का निर्माण पूरा कराया और न ही खरीदारों को कब्जा सौंपा। करीब 30 लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है।
आरोपितों के खिलाफ अयोध्या नगर थाने में पांच मामले दर्ज हैं। इसके अलावा चुनाभट्टी, क्राइम ब्रांच समेत शहर के अन्य थानों में भी शिकायतें और प्रकरण दर्ज हैं।
विदेश भाग गए थे दंपती
पुलिस के अनुसार, आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए विदेश भाग गए थे। उनके वापस भोपाल आने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।