एक चोर ऐसा भी... मां की मौत का बदला लेने नर्स की स्कूटी चुराई, भोपाल में पुलिस बनकर घूमता रहा
कोहेफिजा पुलिस ने नकली पुलिसकर्मी बनकर वाहन चोरी करने वाले आरोपी को भानपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी ने हमीदिया अस्पताल की महिला डॉक्टर की स्कूटी चोरी की थी।
Publish Date: Fri, 11 Sep 2026 03:52:42 PM (IST)Updated Date: Fri, 11 Sep 2026 03:52:42 PM (IST)
आरोपी देवलाल बरकड़े, सीसीटीवी में वर्दी पहनकर स्कूटी चुराता हुआ । सौ-पुलिसHighLights
- कोहेफिजा पुलिस ने नकली पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया
- पुलिस की ड्रेस पहनकर करता था वाहन चोरी
- हमीदिया से चुराई थी महिला डॉक्टर की स्कूटी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मां की मौत का गुस्सा ऐसा सिर पर सवार हुआ कि बेटे ने बदला लेने के लिए उसी नर्सिंग ऑफिसर की स्कूटी चुरा ली, जिसे वह मां की मौत का जिम्मेदार मानता था। चोरी के बाद पकड़े जाने से बचने के लिए उसने स्कूटी पर पुलिस की वर्दी पहनकर घूमना शुरू कर दिया।
कोहेफिजा पुलिस ने गुरुवार रात आरोपी देवलाल बरकड़े को निशातपुरा के शबरी नगर से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी की स्कूटी, मोबाइल और पुलिस की वर्दी बरामद हुई है।
नर्स से नाखुश होकर बनाया प्लान
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि देवलाल की मां सांस की बीमारी के चलते जुलाई में हमीदिया अस्पताल में भर्ती थीं। आईसीयू में नर्सिंग ऑफिसर नीलम उर्फ नीलू साहू की ड्यूटी थी।
देवलाल का आरोप है कि नीलम उसे और उसकी बहन को एक साथ मां के पास रुकने से मना करती थीं और उनके साथ बदसलूकी करती थीं।
बाद में उसकी मां को आईसीयू से जनरल वार्ड में शिफ्ट किया गया और दो अगस्त को उनकी मौत हो गई। इसके बाद देवलाल नीलम को मां की मौत के लिए जिम्मेदार मानने लगा।
बदला लेने रोजाना लगाता था अस्पताल के चक्कर
मां की मौत के बाद वह बदला लेने के लिए रोज हमीदिया अस्पताल के चक्कर लगाने लगा। 22 अगस्त को उसे मौका मिल गया। नीलम ने अस्पताल परिसर में स्कूटी खड़ी की और चाबी लगी रह गई। देवलाल स्कूटी लेकर फरार हो गया।
एनसीसी की वर्दी पर लगवाया पुलिस का बैच
देवलाल 12वीं फेल है और एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। छिंदवाड़ा के मॉडल स्कूल में पढ़ाई के दौरान वह एनसीसी में सक्रिय था और उसके पास खाकी वर्दी थी। उसने इसी वर्दी पर एमपी पुलिस का बैच और नेम प्लेट लगवा ली। इसके बाद चोरी की स्कूटी पर पुलिसकर्मी बनकर घूमने लगा।
एक चालान ने खोल दिया पूरा राज
दो सितंबर को रोशनपुरा चौराहे पर चोरी की स्कूटी का रेड सिग्नल तोड़ने पर चालान कट गया। चालान का मैसेज नीलम के मोबाइल पर पहुंचा। तस्वीर में स्कूटी चलाता युवक पुलिस की वर्दी में दिखाई दिया तो उन्होंने कोहेफिजा पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपित के आने-जाने का रास्ता तलाशते हुए गुरुवार शाम शबरी नगर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।