भोपाल में 4 थाना प्रभारियों को नोटिस: बलवा मॉकड्रिल में नहीं पहुंचे पुलिसकर्मी, एडिशनल CP ने लगाई फटकार
300 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की ड्यूटी थी, लेकिन करीब 100 ही पहुंचे। कई जवान देर से पहुंचे, जिस पर चार थाना प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 11 Sep 2026 09:30:07 PM (IST)Updated Date: Fri, 11 Sep 2026 09:30:07 PM (IST)
पुलिस लाइन में बलवा ड्रिल करते पुलिसकर्मी। नईदुनिया।HighLights
- 300 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की ड्यूटी थी, लेकिन करीब 100 ही पहुंचे
- चार थाना प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया
- एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने नाराजगी जताई
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। आगामी त्योहारों और कानून-व्यवस्था की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को पुलिस लाइन में बलवा मॉकड्रिल परेड आयोजित की गई। इसमें 300 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को शामिल होना था, लेकिन करीब 100 पुलिसकर्मी ही पहुंचे। इनमें भी कई जवान समय पर नहीं पहुंचे।
पुलिसकर्मियों की इस लापरवाही पर मुख्यालय के प्रभारी डीसीपी आदर्शकांत शुक्ला ने नाराजगी जताते हुए चार थाना प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
अनुशासनहीनता पर लगाई फटकार
मॉकड्रिल का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बलवा या अन्य कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को तैयार करना था। ऐसे समय में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के अनुपस्थित रहने को अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है।
वहीं दोपहर को पुलिस कमिश्नर कार्यालय में बैठक में एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने भी थाना प्रभारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। अधिकारियों के निर्देश और ड्यूटी को गंभीरता से लेना जरूरी है।
सेट पर सूचना के बाद भी नहीं होता रिस्पांस
एडिशनल पुलिस कमिश्नर चौहान ने बैठक में पुलिसकर्मियों के वायरलेस सेट पर सक्रिय नहीं रहने को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों वे स्वयं पुराने भोपाल क्षेत्र में गए थे। इस दौरान छोला क्षेत्र में लंबा ट्रैफिक जाम लगा था।
उन्होंने सेट पर तत्काल प्वाइंट चलाया, लेकिन पुलिसकर्मियों की ओर से कोई रिस्पांस नहीं मिला। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद भी मौके पर कार्रवाई नहीं होना गंभीर लापरवाही है।
पुलिसकर्मियों को वायरलेस सेट पर लगातार सक्रिय रहना चाहिए और कंट्रोल की सूचना मिलते ही संबंधित स्थान पर कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। अधिकारियों ने थाना प्रभारियों को अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों की ड्यूटी और अनुशासन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।