MP सरकार का कर्मचारियों को दीपावली गिफ्ट, चौथे, पांचवें और छठवें वेतनमान के DA में बड़ी बढ़ोतरी
मध्य प्रदेश सरकार ने दीपावली पर कर्मचारियों और पेंशनर्स का महंगाई भत्ता (DA/DR) बढ़ा दिया है। इसका सीधा लाभ 53 हजार लोगों को मिलेगा। बढ़ा हुआ पैसा नवंबर की सैलरी में आएगा।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 06:23:09 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 06:23:09 PM (IST)
MP सरकार का कर्मचारियों को दीपावली गिफ्ट। (एआई जनरेटेड)HighLights
- कर्मचारियों और पेंशनर्स के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी
- चौथे वेतनमान में 20%, 5वें-6ठवें में 5% वृद्धि
- बढ़ा हुआ DA नवंबर की सैलरी में मिलेगा
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने दीपावली के बाद अपने कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने चौथे, पांचवें और छठवें वेतनमान के तहत काम कर रहे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है।
जहां चौथे वेतनमान में 20 प्रतिशत की अच्छी-खासी वृद्धि की है। पांचवें और छठवें वेतनमान में 5-5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। सातवें वेतनमान वाले कर्मचारियों का DA सरकार पहले ही बढ़ा चुकी है। यह फैसला राज्य के हजारों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए खुशखबरी है।
नवंबर की सैलरी में जुड़कर आएगा बढ़ा हुआ DA
- कर्मचारियों को इस बढ़े हुए DA का नकद फायदा 1 अक्टूबर 2026 से मिलना शुरू हो जाएगा और यह रकम नवंबर महीने की तनख्वाह में जुड़कर आएगी।
- इसके अलावा, जनवरी से लेकर सितंबर 2026 तक का बकाया (एरियर) भी सरकार तीन बराबर किस्तों में नवंबर, दिसंबर और जनवरी में देगी। अगर कोई कर्मचारी इस दौरान रिटायर हो गया है या किसी का निधन हो गया है, तो उन्हें या उनके परिवार को एरियर का पूरा पैसा एक ही बार में (एकमुश्त) दे दिया जाएगा।
नगरीय निकायों के पेंशनर्स का DR भी बढ़ा
- कर्मचारियों के साथ-साथ राज्य सरकार ने नगरीय निकायों के पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) में भी इजाफा किया है। छठवें वेतनमान के तहत पेंशन पाने वालों के DR में 5 प्रतिशत और सातवें वेतनमान वालों के DR में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।
यह फैसला 1 जुलाई 2026 से लागू माना जाएगा। सरकार के इस कदम से करीब 35 हजार कर्मचारी और 18 हजार से ज्यादा पेंशनर्स (कुल मिलाकर 53 हजार से अधिक लोग) सीधा फायदा उठाएंगे। DA की नई दरें
- छठवें वेतनमान का DA 257% से बढ़कर 262% हो गया है।
- पांचवें वेतनमान का DA 323% से बढ़कर 328% हो गया है।
- चौथे वेतनमान का DA 1465% से उछलकर 1485% कर दिया गया है।
प्रतिनियुक्ति पर आए कर्मचारियों को भी फायदा
सरकार के इस फैसले का लाभ उन कर्मचारियों को भी मिलेगा जो सरकारी उपक्रमों, निगमों, मंडलों या अनुदान प्राप्त संस्थाओं से प्रतिनियुक्ति पर आए हैं। उनके लिए भी चौथे और पांचवें वेतनमान की नई दरें क्रमशः 1485% और 328% तय की गई हैं। हालांकि, आदेश में यह साफ किया गया है कि इस बढ़े हुए महंगाई भत्ते को किसी अन्य योजना के लिए 'मूल वेतन' का हिस्सा नहीं माना जाएगा।
यह भी पढ़ें- 65 साल पुराना पुलिस मैनुअल बदलेगा, AI और साइबर से क्रिमिनल्स पर कसा जाएगा शिकंजा