
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने पुलिस आरक्षक (जीडी) सीधी भर्ती परीक्षा की तारीख बदल दी है। पहले यह परीक्षा 19 नवंबर से प्रस्तावित थी, लेकिन अब नौ दिसंबर से आयोजित होगी। मंडल ने सोमवार को आधिकारिक सूचना जारी कर नई तारीख की जानकारी दी। सूचना के अनुसार, प्रवेश पत्र भी जल्द जारी किए जाएंगे।

इस भर्ती के माध्यम से प्रदेश में आरक्षक के 7500 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इनमें जिला पुलिस बल के 6800 और विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) के 700 पद शामिल हैं। भर्ती के लिए करीब 7.51 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा प्रदेश के 13 शहरों में आनलाइन होगी। नई तारीख से अभ्यर्थियों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।
यह भी पढ़ें- एमपी में फिर बदला मौसम का मिजाज, बादल छंटते ही बढ़ने लगी ठंड, अगले कुछ दिनों में और बढे़गी ठिठुरन
भर्ती प्रक्रिया के दौरान हाईकोर्ट के निर्देश पर 13 से 16 नवंबर तक आवेदन पोर्टल दोबारा खोला गया था। यह सुविधा उन अभ्यर्थियों को दी गई थी, जिन्होंने इस संबंध में याचिका दायर की थी। इसके बाद से परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव की संभावना जताई जा रही थी।