
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर करवट ले रहा है। उत्तर-पश्चिम से आ रही ठंडी हवाएं फिर जोर पकड़ने लगी है। इसके चलते राजधानी भोपाल की रात प्रदेश में सबसे ठंडी रही। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री लुढ़ककर 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह-रात की सिहरन बढ़ने के बीच ग्वालियर में न्यूनतम पारा 12.8 डिग्री और शिवपुरी में 13.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में दिन का तापमान सबसे कम 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने से वहां दिन में भी हल्की ठंडक बनी रही। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बादल छंटने के साथ ही अब आने वाले दिनों में रात के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जाएगी, जबकि दिन के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
मौसम विज्ञानी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि सोमवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। बैतूल, खंडवा, बालाघाट जिले के मलाजखंड, सिवनी, सीधी और उमरिया में दिन का पारा सामान्य से कम रहा, जबकि शेष जिलों में यह सामान्य बना रहा। उमरिया में 24 घंटों में दिन के तापमान में 4.1 डिग्री की गिरावट आई और यह 24.4 डिग्री पर पहुंच गया।
यह भी पढ़ें- एमपी पुलिस गजब है... भैंस चोरों को पकड़वाने वालों पर ही दर्ज किया अपहरण का केस, 7 लाख की मांगी रिश्वत
इसके उलट, नर्मदापुरम 30.0 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि इंदौर और खंडवा में पारा 29.5 डिग्री रहा। बादलों के चलते मंडला में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री उछलकर 17.6 डिग्री पर पहुंच गया। बालाघाट जिले के मलाजखंड में 6.1 डिग्री और सतना में 5.0 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
| शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
| भोपाल | 27.9 | 12.4 |
| इंदौर | 29.5 | 14.8 |
| ग्वालियर | 28.0 | 12.8 |
| जबलपुर | 27.7 | 16.9 |
नोट -- तापमान डिग्री सेल्सियस में