
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। लिंक रोड नंबर-तीन स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट आफ फारेस्ट मैनेजमेंट (आइआइएफएम) परिसर स्थित एसबीआइ शाखा के लाकर से पूर्व रेरा चेयरमैन एपी श्रीवास्तव और उनकी बेटियों के सोने के जेवर गायब हो गए।
गुरुवार को दुबई से भोपाल आई बेटी सुरभि के साथ श्रीवास्तव लॉकर में रखे गहने देखने पहुंचे थे। चाबी लगाते समय अटक रही थी। काफी कोशिश के बाद लॉकर खुला तो अंदर रखे जेवर गायब मिले। सूचना पर पुलिस और फारेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में लॉकर के हैंडल पर फिंगरप्रिंट नहीं मिले हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है।
एपी श्रीवास्तव ने बताया कि 13 दिसंबर 2024 को अपनी बेटियों सुरभि और श्रुति के नाम पर एसबीआइ के लाकर नंबर 502 संयुक्त रूप से अलॉट कराया था। इसके लिए सालाना 2,380 रुपये किराया देते थे। सुरभि दुबई में रहती हैं, जबकि श्रुति बेंगलुरु में रहती हैं। श्रीवास्तव का दावा है कि लॉकर में रखे जेवरों की तस्वीरें भी उनके पास हैं।
गुरूवार को सुरभि लॉकर से अपने गहने निकालने पहुंची तो पूरा मामला सामने आया। लॉकर टूटा हुआ नहीं मिला है। फारेंसिक टीम को उसके हैंडल पर भी फिंगरप्रिंट नहीं मिले। पुलिस जांच में यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि लॉक से छेड़छाड़ की गई थी या डुप्लीकेट चाबी से लाकर खोला गया।
यह भी पढ़ें- एमपी में 14 से 20 नवंबर तक मनाया जाएगा जनजातीय गौरव सप्ताह, 15 नवंबर को पीएम मोदी करेंगे संबोधित
लॉकर में ज्वाइंट खातेदार होने के कारण परिवार ने दूसरी बेटी श्रुति को भी बेंगलुरु से भोपाल बुलाया गया है। उससे भी पूछताछ की जा सकती है। वहीं, श्रीवास्तव शुक्रवार को पंजाब नेशनल बैंक स्थित अपने दूसरे लॉकर में भी जेवरों की तलाश कर रहे हैं। वहां जांच के बाद ही गहनों के गायब होने की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
कमलानगर थाना प्रभारी निरूपा पांडे ने बताया कि गुरुवार को फोन पर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और फारेंसिक टीम को बुलाया गया। अब तक न तो लिखित शिकायत मिली है और न ही केस दर्ज किया गया है। पूर्व रेरा अधिकारी अपने दूसरे लाकर में भी जेवर तलाश रहे हैं। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।