
नवदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। आदिवासियों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा कथित टिप्पणी का आरोप लगाते हुए आदिवासी कांग्रेस विभाग द्वारा जलाए जा रहे मुख्यमंत्री के पुतले को लेकर हुई छीना झपटी में सिविल लाइन थाने के एक पुलिस जवान का हाथ बुरे तरीके से जल गया है।
इसके बाद पुलिस ने आदिवासी कांग्रेस विभाग प्रमुख पर्वत सिंह गौड़ सहित चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। दोपहर में एसपी रोहित काशवानी अस्पताल में भर्ती आरक्षक को देखने भी पहुंचे।
बता दें कि रविवार की सुबह पीतलमिल चौराहे के पास आदिवासी कांग्रेस विभाग के बैनर तले पुतला दहन किया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच पुतले को छीनने और जलाने को लेकर जबरदस्त छीना-झपटी हुई, जिसमें सिविल लाइन थाने में पदस्थ आरक्षक दिलीप शर्मा का हाथ बुरे तरह से जल गया। उसे आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
इधर पुलिस ने तुरंत ही आदिवासी कांग्रेस विभाग के अध्यक्ष पर्वतसिंह गौंड, बाबू उर्फ जयप्रकाश, भोला उर्फ उमाशंकर और राजकुमार लोधी को अभिरक्षा में ले लिया था। शाम को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से वे जेल चले गए।
थाना प्रभारी राजपाल सिंह जादौन का कहना है कि आदिवासी कांग्रेस के जो पदाधिकारी पुतला दहन कर रहे थे, उन्होंने पुतला दहन के लिए अनुमति नहीं ली थी। जब पुलिस बगैर अनुमति के पुतला दहन रोकने पहुंची तो पेट्रोल डालकर पुतले को आग लगा दी, जिसमें हमारे आरक्षक का हाथ झुलस गया है। हमने चार लोगों पर बगैर अनुमति पुतला दहन करने, पुलिस के कार्य में बाधा डालने और ज्वलनशील पदार्थ से पुतला दहन करने जैसी धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें- ऑफिस जा रही महिला पत्रकार को डंपर ने कुचला, मौके पर हुई मौत, भोपाल के भदभदा चौराहे पर हुआ हादसा