
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण वाले संविधान संशोधन को भारत सरकार लोकसभा और राज्यसभा में प्रस्तुत करने जा रही है। इसमें 50 प्रतिशत सीटें हर स्तर पर बढ़ाया जाना प्रस्तावित है यानी 230 सदस्यीय मध्य प्रदेश विधानसभा में सदस्यों की संख्या 345 हो जाएगी। यानी सरकार बनाने के लिए 173 सदस्य जरूरी हो जाएंगे। वर्तमान में सरकार बनाने के लिए 116 सदस्य चाहिए। 33 प्रतिशत आरक्षण के हिसाब से 114 सीटें महिलाओं के लिए सुरक्षित होंगी।
वहीं, लोकसभा की सीटें 29 से बढ़कर 43 हो जाएंगी। यानी 14 सीटों की वृद्धि होगी। अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के लिए सुरक्षित सीटें भी आरक्षण के प्रावधान के अनुसार बढ़ेंगी। इसमें आरक्षण के भीतर आरक्षण की व्यवस्था रहेगी। परिसीमन का आधार 2011 की जनगणना को बनाया जाएगा।
विधानसभा के पूर्व प्रमुख सचिव अवधेश प्रताप सिंह का कहना है कि संविधान संशोधन विधेयक के प्रस्ताव के अनुसार देखें तो प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या 29 से बढ़कर 43 हो जाएगी। इनमें 33 प्रतिशत आरक्षण के हिसाब से 14 सीटें महिलाओं के लिए सुरक्षित होंगी। इसी फॉर्मूले से विधानसभा सीटें भी 230 से बढ़कर 345 हो सकती हैं। 114 सीटें महिलाओं को मिलेंगी।
वर्तमान आरक्षण व्यवस्था यानी अनुसूचित जनजाति के लिए 20 और अनुसूचित जाति के लिए 16 प्रतिशत के हिसाब से ही आरक्षित वर्ग के लिए सुरक्षित होने वाली सीटों में ही महिलाओं का 33 प्रतिशत कोटा रहेगा। परिसीमन जनसंख्या के हिसाब से होगा, जिसमें शहरी क्षेत्र खासतौर पर भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन में विधानसभा की सीटें बढ़ेंगी। आरक्षित सीटें अनारक्षित श्रेणी में आ जाएंगी और नई सीटें आरक्षित होंगी।
यह भी पढ़ें- सागर जहरीली शराब कांड में जांच आयोग का कार्यकाल 3 महीने बढ़ा, अब मार्च 2027 तक सरकार को सौंपेगा रिपोर्ट