
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। सागर जिले के बंडा में हुए जहरीली शराब कांड की न्यायिक जांच कर रहे एकल सदस्यीय जांच आयोग का कार्यकाल राज्य शासन ने तीन माह के लिए बढ़ा दिया है। उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति विष्णु प्रताप सिंह चौहान की अध्यक्षता वाले इस आयोग को अब 11 मार्च 2027 तक अपनी जांच रिपोर्ट शासन को सौंपनी होगी।
सामान्य प्रशासन विभाग (मंत्रालय, वल्लभ भवन) द्वारा 27 नवंबर 2026 को मध्य प्रदेश राजपत्र (असाधारण) में इस संबंध में आधिकारिक संशोधन अधिसूचना प्रकाशित की गई है।
गौरतलब है कि सागर जिले की बंडा तहसील में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद राज्य सरकार ने 12 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी कर रिटायर्ड जस्टिस चौहान की अध्यक्षता में एकल सदस्यीय जांच आयोग का गठन किया था। आयोग का मुख्यालय सागर बनाया गया है।
आयोग को गठन के तीन माह के भीतर (दिसंबर 2026 तक) तीन प्रमुख बिंदुओं में घटना के वास्तविक कारण व परिस्थितियों, पुलिस व आबकारी अधिकारियों की भूमिका तथा भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के उपायों पर अपनी रिपोर्ट देनी थी।
यह भी पढ़ें- 20 किलो गांजा तस्करी में दोषी को 10 साल की सजा, ₹1 लाख का लगाया जुर्माना, कोर्ट ने सुनाया कड़ा फैसला
जांच प्रक्रिया पूरी करने के लिए शासन ने अब इसकी समय-सीमा 11 मार्च 2027 तक बढ़ा दी है। बता दें कि सागर में जहरीली शराब पीने से सितंबर के बाद भी और मृत्यु हुई। स्थानीय प्रशासन को शराब दुकानों पर चिकित्सा कैंप लगाना पड़ा।