भोपाल के आशिमा मॉल में डिलीवरी बॉय से मारपीट: स्पा सेंटर तक पार्सल ले जाने से मना करने पर विवाद, 4 पर FIR
पुलिस के अनुसार फरहीन खान, अरुण, काजल और सुयश पर डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप है।
Publish Date: Wed, 26 Aug 2026 05:47:27 PM (IST)Updated Date: Wed, 26 Aug 2026 05:47:27 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- पार्सल पहुंचाने को लेकर विवाद
- चार लोगों पर मारपीट का आरोप
- वीडियो वायरल होने के बाद FIR
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी के मिसरोद थाना क्षेत्र स्थित आशिमा मॉल में पार्सल डिलीवरी को लेकर एक डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। तीसरी मंजिल पर संचालित स्पा सेंटर तक पार्सल पहुंचाने से मना करने पर महिला संचालक और उसके साथियों ने 23 वर्षीय डिलीवरी बॉय को घेरकर पीट दिया और जान से मारने की धमकी दी।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मिसरोद थाना पुलिस ने फरहीन खान, अरुण, काजल और सुयश के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पार्सल चोरी होने का था डर
पीड़ित डिलीवरी बॉय रोहित वर्मा के मुताबिक, पार्सल फरहीन खान के नाम पर था, जो आशिमा मॉल की तीसरी मंजिल पर ‘आयुर्वेद वैलनेस सेंटर’ नाम से स्पा चलाती है। रोहित ने अपनी दोपहिया वाहन पर रखे अन्य पार्सल चोरी होने के डर से फरहीन से नीचे आकर सामान लेने का अनुरोध किया था।
नीचे आकर पार्सल लेने की बात पर बहस बढ़ गई। फरहीन अपने साथी अरुण के साथ नीचे आई और रोहित से बदसलूकी करने लगी। इसी दौरान उसके दो अन्य साथी (काजल और सुयश) भी आ गए और चारों ने मिलकर मारपीट की।
पुलिस की कार्रवाई
मारपीट के बाद आरोपी धमकी देकर चले गए। शिकायत और मौके के वीडियो फुटेज के आधार पर मिसरोद पुलिस ने चारों आरोपियों पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
मामला एक नजर में
घटनास्थल- आशिमा मॉल, मिसरोद (भोपाल)
पीड़ित - रोहित वर्मा (23 वर्षीय डिलीवरी बॉय) |
आरोपी - फरहीन खान (स्पा संचालक), अरुण, काजल और सुयश |
विवाद की वजह - तीसरी मंजिल तक पार्सल न पहुंचाने पर हुआ विवाद |
वर्तमान स्थिति - चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज, तलाश जारी |