'कमेंट पर टोका तो चला दी तलवार': भोपाल में दबंगों ने पूरे परिवार को घेरा, बचाव में आए पिता के सिर पर गंभीर चोट
युवक के भाई और पिता मौके पर पहुंचे तो विवाद फिर बढ़ गया। आरोप है कि युवकों ने तलवार निकालकर हमला कर दिया।
Publish Date: Sat, 22 Aug 2026 05:05:35 PM (IST)Updated Date: Sat, 22 Aug 2026 05:05:35 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- आपत्तिजनक टिप्पणी का विरोध पड़ा भारी
- परिवार के पहुंचने पर तलवार से हमला
- बीच-बचाव में पिता के सिर में गंभीर चोट
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । बागसेवनिया इलाके में आपत्तिजनक टिप्पणी का विरोध करना एक युवक और उसके परिवार को भारी पड़ गया। विवाद बढ़ने पर युवकों ने पहले युवक से मारपीट की और उसके स्वजन के मौके पर पहुंचने के बाद तलवार से हमला कर दिया।
हमले में युवक के पिता के सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मारपीट की शिकायत पर चलाई तलवार
पुलिस के अनुसार दुर्गा नगर निवासी मयंक सिंह मंगलवार रात करीब 8 बजे दोस्त के साथ मैदान की ओर जा रहा था। नाके के पास खड़े कुछ युवकों ने उस पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। मयंक ने विरोध किया तो युवकों से विवाद हो गया और उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
मयंक ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसका भाई आशीष और पिता कुंवर सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों में कहासुनी के दौरान विवाद फिर बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान युवकों ने तलवार निकालकर हमला कर दिया।
पिता की हालात गंभीर
तलवार लगने से कुंवर सिंह के सिर में गंभीर चोट आई और वह गिर पड़े। लोगों के हस्तक्षेप पर आरोपी भाग निकले। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मयंक और आशीष को भी चोटें आई हैं। आशीष की शिकायत पर पुलिस ने विशाल, रवि, आकाश समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।