भोपाल मास्टर प्लान : तालाब संरक्षण का मुद्दा गरमाया; अतिक्रमण वैध न करने की उठी मांग
पर्यावरणविदों ने तालाब किनारे अवैध निर्माणों को वैध करने का विरोध किया, वॉटर क्वालिटी इंडेक्स लागू करने की मांग उठाई।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 01:25:05 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 01:25:05 PM (IST)
फाइल फोटो।HighLights
- तालाब किनारे अवैध निर्माणों को वैध करने का विरोध
- वॉटर क्वालिटी इंडेक्स लागू करने की मांग उठाई
- मास्टर प्लान पर 13,400 से अधिक आपत्तियां मिलीं
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । राजधानी के मास्टर प्लान की सुनवाई में तालाबों के संरक्षण और उनके आसपास निर्माण का मुद्दा गरमाया हुआ है। जहां फंदा के 66 गांवों के किसान निर्माण पर रोक का विरोध कर रहे हैं, वहीं शुक्रवार को पर्यावरणविदों और विशेषज्ञों ने तालाबों को प्रदूषण से बचाने के लिए वाटर क्वालिटी इंडेक्स लागू करने और किनारे के अवैध निर्माणों को वैध न करने की मांग उठाई।
बड़े तालाब की बायोडायवर्सिटी 81 प्रतिशत तक घटी
पर्यावरणविद् डॉ. सुभाष पांडे ने अपनी आपत्ति में कहा कि शहर के 20 से ज्यादा तालाबों का सही संरक्षण नहीं हो रहा है। पिछले 21 सालों में बड़े तालाब की बायोडायवर्सिटी 81 प्रतिशत तक घट गई है। हालात नहीं सुधरे तो 20 साल में इसका पानी पीने लायक नहीं बचेगा।
उन्होंने वेटलैंड रूल्स-2017 के तहत 2.25 हेक्टेयर से बड़ी सभी वाटर बॉडीज को सेंसिटिव जोन घोषित करने का सुझाव दिया, ताकि पॉलीथिन और माइक्रो-प्लास्टिक का प्रदूषण रोका जा सके। उन्होंने तालाब किनारे अतिक्रमण नियमित करने पर भी कड़ा विरोध जताया।
वेस्टर्न बायपास और लेक फ्रंट जी-4 के नियमों पर सवाल
भोपाल सिटीजंस फोरम के अरुण गुर्टू ने कहा कि बड़ा तालाब 10 से 12 लाख लोगों की प्यास बुझाता है, लेकिन इसके पास 24 व 30 मीटर चौड़ी सड़कों और 75 मीटर चौड़े वेस्टर्न बायपास के प्रस्ताव से इसके अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है।
वहीं, पुलकित गोधा ने 51 किमी लंबे ग्रोथ कॉरिडोर की जिम्मेदारी बीडीए को न देने की मांग की। उन्होंने हलालपुरा व प्रेमपुरा में प्रस्तावित लेक फ्रंट जी-4 जोन के नियमों न्यूनतम दो हेक्टेयर जमीन और अधिकतम 6 मीटर ऊंचाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे बड़े रिसार्ट नहीं बन सकेंगे और अवैध कब्जे बढ़ेंगे।
अब तक आधे से ज्यादा लोगों को बुलाया
टीएंडसीपी के संयुक्त संचालक नीरज आनंद लिखार ने बताया कि ड्राफ्ट पर आई 13 हजार 400 से अधिक आपत्तियों में से अब तक करीब साढ़े सात हजार लोगों को सुनवाई के लिए बुलाया जा चुका है, जिनमें से ढाई हजार ने अपना पक्ष रखा है। शुक्रवार को बुलाए गए 347 लोगों में से 35 ने पक्ष रखा। छूटे हुए लोग भी आगे आकर अपनी बात रख सकते हैं।