भोपाल मास्टर प्लान : मिसरोद में 45 मीटर चौड़ी सड़क का विरोध, आज आपत्तियों पर सुनवाई
मास्टर प्लान-2047 में मिसरोद गांव की आबादी के बीच से 45 मीटर चौड़ी सड़क निकालने के प्रस्ताव का विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को मिसरोद क्षेत्र से जुड़ी आपत्तियों पर सुनवाई होगी।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 10:47:08 AM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 10:47:08 AM (IST)
मिसरोद में इस तरह पोस्टर, बैनर लगाकर आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। फाइल फोटो।HighLights
- रहवासियों और किसानों ने ग्राम आबादी से प्रस्तावित सड़क हटाने की मांग उठाई
- कारों की रैली निकालकर टीएंडसीपी कार्यालय में दर्ज करा चुके हैं आपत्तियां
- वैकल्पिक मार्ग पर विचार करने और गांव का मूल स्वरूप बचाने की मांग
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल के प्रस्तावित मास्टर प्लान-2047 में मिसरोद गांव की आबादी के बीच से 45 मीटर चौड़ी सड़क निकालने के प्रस्ताव का विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को मिसरोद क्षेत्र से जुड़ी आपत्तियों पर सुनवाई होगी। इसमें रहवासी और किसान सड़क के प्रस्ताव से होने वाले संभावित नुकसान और अपनी मांगों को अधिकारियों के सामने रखेंगे।
मास्टर प्लान का ड्राफ्ट जारी होने के बाद मिसरोद के रहवासी और किसान कारों की रैली निकालकर नगर तथा ग्राम निवेश (टीएंडसीपी) कार्यालय पहुंचे थे। यहां उन्होंने प्रस्तावित सड़क के विरोध में अपनी आपत्तियां दर्ज कराई थीं। अब सुनवाई के दौरान इस मुद्दे पर प्रशासन और टीएंडसीपी के अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखेंगे।
सड़क से आबादी और किसानों की जमीन प्रभावित होने की आशंका
रहवासियों ने विरोध के लिए लगाए गए पोस्टरों में कहा है कि प्रस्तावित 45 मीटर चौड़ी सड़क से ग्राम आबादी और कई परिवार प्रभावित हो सकते हैं। किसानों की कृषि भूमि और आजीविका पर भी संकट आ सकता है। इसके अलावा गांव की सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संरचनाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है।
रहवासियों ने प्राकृतिक स्वरूप, जलस्रोतों, पेड़ों और पर्यावरण को संभावित नुकसान का मुद्दा भी उठाया है। उनका कहना है कि सड़क निर्माण के प्रस्ताव पर गांव की आबादी और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखकर निर्णय लिया जाना चाहिए।
बायपास के विकल्प पर दोबारा विचार करने की मांग
मिसरोद के रहवासियों की प्रमुख मांग है कि ग्राम आबादी के बीच से प्रस्तावित 45 मीटर चौड़ी सड़क को हटाया जाए और इसके लिए वैकल्पिक मार्ग यानी बायपास पर गंभीरता से विचार किया जाए। इसके साथ ही गांव के लोगों की सार्वजनिक सुनवाई कराने, आबादी को सुरक्षित रखने और मिसरोद का मूल स्वरूप बनाए रखने की मांग भी की गई है।
आधी से अधिक आपत्तियों पर हो चुकी सुनवाई
मास्टर प्लान-2047 के ड्राफ्ट पर 13 हजार 400 से अधिक आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। इनमें से आधी से अधिक आपत्तियों पर सुनवाई पूरी हो चुकी है। जिला प्रशासन और टीएंडसीपी के अधिकारी विशेषज्ञों के साथ नियमित रूप से आपत्तियों की सुनवाई कर रहे हैं। मिसरोद की आपत्तियों पर होने वाली सुनवाई में अब 45 मीटर चौड़ी सड़क का प्रस्ताव प्रमुख मुद्दा रहेगा।