
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कोविड-19 महामारी के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में नियुक्त किए गए आयुष चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मचारियों को दोबारा शासकीय स्वास्थ्य सेवा में बहाल करने की मांग उठी है। कोविड-19 आयुष चिकित्सक एवं पैरामेडिकल संघ मध्य प्रदेश ने इस संबंध में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र सूर्यवंशी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने भोपाल में अपर कलेक्टर पीसी शाक्य को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में मांग की गई है कि महामारी के दौरान नियुक्त किए गए आयुष चिकित्सक, दंत चिकित्सक, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, ईसीजी टेक्नीशियन और अन्य पैरामेडिकल स्वास्थ्यकर्मियों को फिर से शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं में शामिल किया जाए। इसके लिए रिक्त पदों पर संविदा नियुक्ति और समायोजन का अवसर देने की मांग की गई है।
संघ का कहना है कि महामारी के दौरान इन स्वास्थ्यकर्मियों ने सेवाएं दी थीं। ऐसे में उनके अनुभव का उपयोग सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में किया जाना चाहिए। इस दौरान उपाध्यक्ष रचना साहू, महासचिव उमा बरूआ, पदमा जेनवार, डा. मनोज सोलंकी, डा. कृष्णपाल जाटव, ज्योति बवास्कर, संयोगिता, जगदीश सेन और तरवार कीर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- भोपाल में शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे युवक को घोड़े ने मारी दुलत्ती, मौत