
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा की तीन माह की सेवावृद्धि का आदेश सोमवार, 30 नवंबर को जारी हो सकता है। उनकी सेवानिवृत्ति भी इसी दिन है। यानी दो दिन ही बचे हैं। राज्य सरकार ने उन्हें तीन माह की सेवावृद्धि देने का आग्रह पत्र केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजा है। नियुक्ति मामलों की कैबिनेट समिति की स्वीकृति के बाद सेवा विस्तार मिलेगा।
दरअसल, प्रदेश में नए डीजीपी की नियुक्ति के लिए संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) मुख्यालय, दिल्ली में 20 नवंबर को विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक हुई थी। इसमें नए डीजीपी के चयन के लिए तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का पैनल तैयार किया गया। पैनल में वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम शामिल हैं।
डीपीसी के बाद राज्य सरकार को इन तीन नामों में से किसी एक को प्रदेश का नया पुलिस महानिदेशक नियुक्त करना था। हालांकि, पैनल तैयार होने के बाद राज्य सरकार ने वर्तमान डीजीपी कैलाश मकवाणा को तीन माह की सेवावृद्धि देने का आग्रह केंद्र से किया है। सेवावृद्धि मिलने पर मकवाणा 28 फरवरी तक पद पर बने रह सकते हैं।
यह भी पढ़ें- परिसीमन से बदलेगा MP का नक्शा, बढ़ेंगी 115 विधानसभा और 14 लोकसभा सीटें, शहरी क्षेत्रों को होगा लाभ
बता दें कि मप्र शासन गृह विभाग मकवाणा की 30 नवंबर को सेवानिवृत्ति का आदेश अक्टूबर में ही जारी कर चुका है। निर्धारित सेवानिवृत्ति को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने उनकी विदाई की तैयारियां शुरू कर दी थीं। इसके लिए परेड की योजना बनाई गई थी। जवानों को अभ्यास भी कराया जा रहा था, लेकिन इसी बीच सेवावृद्धि का प्रस्ताव केंद्र को भेजे जाने के बाद तैयारी रोक दी गई।