दिग्विजय सिंह की यात्रा का अगला पड़ाव यूपी, अखिलेश यादव के साथ कदमताल से मचेगी चुनावी हलचल
दिग्विजय सिंह की 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' दिवाली ब्रेक के बाद 11 नवंबर से गुना से फिर शुरू हो रही है। यह यात्रा 18 नवंबर को यूपी पहुंचेगी, जहां अखिलेश यादव भी इसमें शामिल हो सकते हैं।
Publish Date: Wed, 11 Nov 2026 02:10:42 PM (IST)Updated Date: Wed, 11 Nov 2026 02:10:42 PM (IST)
दिग्विजय सिंह की यात्रा का अगला पड़ाव यूपी होगा। (फाइल फोटो)HighLights
- दिग्विजय की यात्रा 11 नवंबर से आरोन (गुना) से फिर शुरू।
- मप्र से होते हुए 18 नवंबर को बेतवा नदी पार कर यूपी पहुंचेगी।
- 5 दिन यूपी के ललितपुर में रहेगी, अखिलेश यादव भी हो सकते हैं शामिल।
डिजिटल डेस्क। दिवाली ब्रेक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' एक बार फिर गति पकड़ने जा रही है। 20 अक्टूबर को उज्जैन से महाकाल के दर्शन के बाद शुरू हुई यह पदयात्रा 5 नवंबर को त्योहार के चलते राघौगढ़ के पाटई आश्रम में रुकी थी।
अब बुधवार, 11 नवंबर से दिग्गी राजा का यह कारवां गुना के आरोन से अपनी अगली मंजिल की ओर कूच करेगा। मध्य प्रदेश से शुरू होकर यह यात्रा जल्द ही उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी और वहां के चुनावी माहौल में राजनीतिक हलचल भी बढ़ाएगी।
18 नवंबर को यूपी में करेगी प्रवेश
तय कार्यक्रम के अनुसार, मध्य प्रदेश के 8 जिलों और 16 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए यह यात्रा 18 नवंबर को उत्तर प्रदेश में दाखिल होगी। अशोकनगर जिले के चंदेरी, दिल्ली दरवाजा और प्राणपुर होते हुए यह यात्रा 18 नवंबर की दोपहर बेतवा नदी (राजघाट बांध चौराहा) पहुंचेगी। यहीं से दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश की सीमा पार कर यूपी के ललितपुर जिले में कदम रखेंगे।
यूपी के बाद फिर एमपी आएगी यात्रा
उत्तर प्रदेश में यह यात्रा 18 से 22 नवंबर तक (5 दिन) ललितपुर जिले के विभिन्न गांवों और कसबों से होकर गुजरेगी। इसके बाद 23 नवंबर को यह दोबारा मध्य प्रदेश (निवाड़ी जिले) में प्रवेश करेगी। 25 नवंबर को ओरछा के श्री रामराजा सरकार मंदिर में इस यात्रा का समापन होगा। अगले दिन, 26 नवंबर को ओरछा में भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने के बाद, दिग्विजय सिंह दतिया जाकर पीतांबरा माई के दर्शन करेंगे।
अखिलेश यादव भी बढ़ाएंगे कदम
- दिग्विजय सिंह की यात्रा ऐसे समय में उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर रही है, जब वहां विधानसभा चुनाव का माहौल गरमाया हुआ है। ऐसे में इस यात्रा के यूपी रूट को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं।
- सूत्रों की मानें तो यूपी में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी इस पदयात्रा में शामिल हो सकते हैं। इस दौरान कांग्रेस और सपा के स्थानीय नेता साथ-साथ कदमताल करते नजर आएंगे। हालांकि, दतिया से आगे अयोध्या तक के संभावित रूट में अभी कुछ बदलाव हो सकते हैं।
नेताओं में मेजबानी की होड़
- यात्रा के दौरान पदयात्रियों के भोजन और ठहरने की व्यवस्था कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने संभाली हुई है। जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश में हर पड़ाव (टी-ब्रेक, लंच, डिनर और विश्राम) के लिए नेता और जगहें पहले से तय हो चुके हैं।
- जिन नेताओं को एमपी में मेजबानी का मौका नहीं मिल पाया है, वे अब यूपी वाले हिस्से में व्यवस्थाएं संभालने के लिए दिग्विजय सिंह के कार्यालय में आवेदन कर रहे हैं। इस मेजबानी की होड़ में यूपी के कांग्रेस और सपा नेता भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
यह भी पढ़ें- जनसुनवाई में फूटा भोपाल के लोगों का दर्द... ब्लैंक चेक से 10 लाख की ठगी, मकान हड़पने की धमकी