
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। भोपाल से अयोध्या और शारजाह के लिए विमान सेवा शीघ्र शुरू की जाएगी। इसके साथ ही इंदौर से बैंकॉक के लिए भी विमान सेवा प्रारंभ करने की तैयारी है। वर्तमान में इन तीनों स्थानों के लिए मध्य प्रदेश से कोई विमान सेवा नहीं है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई दौरे के दौरान भोपाल से विमान सेवा शुरू करने के लिए निजी निवेशकों से चर्चा की थी। इसके बाद निजी विमान सेवा कंपनी के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विमान सेवा में निवेश का प्रस्ताव रखा।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के तय मापदंडों के तहत प्रक्रिया पूरी कर ग्लोबल इन्वेस्टर समिट से पहले भोपाल व इंदौर से इन शहरों के लिए विमान सेवा शुरू करने की तैयारी है। राज्य शासन ने इस पर काम शुरू कर दिया है।
इन विमान सेवाओं के लिए विमानन नीति के तहत निजी विमान सेवा कंपनी को अनुदान भी दिया जाएगा। भोपाल से शारजाह के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू होने से भोपाल का राजा भोज विमानतल अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन वाले हवाई अड्डों की सूची में शामिल हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- 4 साल की मासूम से दरिंदगी, टॉफी का लालच देकर 70 साल के बुजुर्ग ने की गलत हरकत, आंगनवाड़ी से लौट रही थी बच्ची
विमान यात्रियों की क्लीयरेंस प्रक्रिया को ई-गेट के माध्यम से पूरा किया जाएगा। इसके लिए एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन और कस्टम विभाग के कर्मचारियों की नियुक्ति भी की जाएगी।
एयरपोर्ट को कस्टम दर्जा मिलने के बाद लाउंज के पास नया इंटरनेशनल विंग तैयार किया गया है। यहां अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की जांच और अन्य प्रक्रियाओं के लिए आठ काउंटर स्थापित किए गए हैं।