MP के 7 जिलों के 35 निर्माण कार्यों की जांच में बड़ा खुलासा; वडोदरा की फर्म ब्लैकलिस्ट, इंजीनियरों को नोटिस जारी
मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के सात निरीक्षण दलों ने विदिशा, बालाघाट, श्योपुर, बड़वानी, मऊगंज, शाजापुर और दमोह में निर्माण कार्यों की जांच की। कार्य स्थिति असंतोषजनक मिलने पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किए गए। ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए गए।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 11:07:15 AM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 11:08:12 AM (IST)
प्रतीकात्मक, एआई से तैयार तस्वीरHighLights
- विदिशा, बालाघाट, श्योपुर, बड़वानी, मऊगंज, शाजापुर और दमोह में निर्माण कार्यों की जांच
- गुणवत्ता में कमी पर अधिकारियों को नोटिस, ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
- एक मार्ग की गुणवत्ता की सराहना, 28 कार्यों में सुधार के निर्देश
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल । मध्यप्रदेश के सात जिलों के 35 निर्माण कार्यों के निरीक्षण प्रतिवेदनों की समीक्षा में गुणवत्ता संबंधी कमियों पर मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम के प्रबंध संचालक भरत यादव ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निरीक्षण दलों की अनुशंसाओं पर समयबद्ध कार्रवाई की जाए और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
विभाग के सात निरीक्षण दलों ने विदिशा, बालाघाट, श्योपुर, बड़वानी, मऊगंज, शाजापुर एवं दमोह जिलों के 35 निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया।
वडोदरा की कंपनी होगी ब्लैकलिस्ट
समीक्षा में बड़वानी जिले में पीजी योजना के अंतर्गत 20.89 किलोमीटर लंबे बलवाड़ी–देवली–धवली मार्ग की कार्य स्थिति असंतोषजनक पाई जाने पर संबंधित कार्यपालन यंत्री, अनुविभागीय अधिकारी एवं उपयंत्री को नोटिस जारी किए। ठेकेदार मेसर्स सोरथिया वेलजी रत्ना एंड कंपनी, वडोदरा के विरुद्ध ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।
लोकपथ एप पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित चार दिवस की समय-सीमा में निराकरण करने तथा एप के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।
गुणवत्तापूर्ण कार्य की सराहना
बड़वानी–बंधन मार्ग के गुणवत्तापूर्ण निर्माण की सराहनाबड़वानी जिले में मप्र सड़क विकास निगम की परफारमेंस गारंटी योजना के अंतर्गत बड़वानी–बंधान–अंबापानी–सिंधी–खोदरा–सिलावद मार्ग का कार्य संतोषजनक एवं गुणवत्तापूर्ण पाया गया।
इसके लिए संभागीय प्रबंधक पूनम कछवा, सहायक महाप्रबंधक कमलेश गोले तथा ठेकेदार मेसर्स बड़वानी–बंधान हाईवे प्राइवेट लिमिटेड, उदयपुर की प्रशंसा की गई। निरीक्षण में सामने आए अन्य 28 कार्यों में आवश्यक आंशिक सुधार करने के निर्देश दिए।