MP News: स्वरोजगार योजनाओं में बैंकों से मिल रही निराशा, PM विश्वकर्मा में 54% आवेदन खारिज
सरकार स्वरोजगार पर जोर दे रही है। लेकिन आवेदक के लिए पूंजी की बाधा पूरी तरह खत्म नहीं हुई। ऋण लेकर काम शुरू करने की उम्मीद में बैंक पहुंच रहे अधिकतर लोग निराश लौट रहे हैं, क्योंकि वहां उनके आवेदन खारिज कर दिए जा रहे हैं।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 02:25:08 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 02:25:08 PM (IST)
फोटो, एआई से तैयार की गईHighLights
- स्वरोजगार योजनाओं में ऋण वितरण की स्थिति कमजोर
- विश्वकर्मा योजना के 54.38 प्रतिशत आवेदन निरस्त
- महिला समूहों और किसानों को भी पूरा लाभ नहीं
नमन मिश्रा, नईदुनिया, भोपाल । सरकारी और निजी क्षेत्र में नौकरियां घट रही हैं। सरकार स्वरोजगार पर जोर दे रही है। उसके लिए आसान पूंजी उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं संचालित हैं, लेकिन पूंजी की बाधा पूरी तरह खत्म नहीं हुई। ऋण लेकर काम शुरू करने की उम्मीद में बैंक पहुंच रहे अधिकतर लोग निराश लौट रहे हैं, क्योंकि वहां उनके आवेदन खारिज कर दिए जा रहे हैं।
राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) के आंकड़ों के अनुसार, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना में इस साल एक लाख 53 हजार 777 आवेदन बैंकों तक पहुंचे। इनमें 60 हजार 853 आवेदन स्वीकृत हुए और 54 हजार 771 को ऋण मिला। यानी कुल आवेदकों में केवल 35.62 प्रतिशत लोगों तक ही ऋण पहुंचा। 83 हजार 624 आवेदन निरस्त कर दिए गए। कुल आवेदनों में निरस्तीकरण का आंकड़ा 54.38 प्रतिशत है।
जिन कारीगरों को अपने पारंपरिक हुनर के दम पर कारोबार बढ़ाना था, उनमें बड़ी संख्या को योजना से आर्थिक मदद नहीं मिल सकी। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण योजना की स्थिति भी ऐसी ही है। इसमें पांच हजार 799 आवेदन प्राप्त हुए, लेकिन केवल एक हजार 559 मामलों में ऋण मिल पाया। यह आंकड़ा 26.88 प्रतिशत ही है। शेष चार हजार 240 आवेदकों को निराश होना पड़ा।
फुटपाथ कारोबारियों को भी आधे से कम मदद
रेहड़ी-पटरी लगाने वाले कारोबारियों के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना बनाई गई, लेकिन इसमें भी आवेदन और ऋण वितरण के बीच बड़ा अंतर है। पहली किश्त के लिए प्रदेश में तीन लाख 28 हजार 947 आवेदन आए। इनमें एक लाख 75 हजार 249 आवेदन स्वीकृत हुए। उनमें से भी केवल एक लाख 63 हजार 474 को ऋण मिल पाया। यानी केवल 49.70 प्रतिशत आवेदकों तक ही आर्थिक सहायता पहुंच सकी।
महिला समूहों और किसानों को भी पूरा लाभ नहीं
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 2.20 लाख स्व-सहायता समूहों को ऋण से जोड़ने का लक्ष्य था। इसके मुकाबले एक लाख एक हजार 415 समूहों को 1,823 करोड़ रुपये का ऋण मिला। उपलब्धि 46.10 प्रतिशत रही। यानी एक लाख 18 हजार 585 समूह ऋण के लाभ से वंचित रहे। कृषि अवसंरचना कोष में भी 2,200 करोड़ रुपये के वार्षिक लक्ष्य के मुकाबले केवल 867.02 करोड़ रुपये के ऋण मंजूर हुए। यह लक्ष्य का 39.41 प्रतिशत है।
बैंक ऋण देने से पहले आवेदक की आर्थिक स्थिति और ऋण चुकाने की क्षमता का आकलन करते हैं। इससे कमजोर आर्थिक स्थिति वाले लोगों को ऋण नहीं मिल पाता। कई बार बैंक के चक्कर लगाने से हितग्राही परेशान होकर आवेदन करना ही छोड़ देते हैं। स्वरोजगार योजनाओं की सफलता के लिए बैंक और सरकार के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। हालांकि, ऋण वसूली प्रभावित होने से बैंकों की आर्थिक स्थिति पर भी दबाव बढ़ सकता है।- डॉ. देवेंद्र विश्वकर्मा, सचिव, मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ आर्थिक परिषद।
हर तीन माह में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) की बैठक आयोजित की जाती है। इसमें विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत बैंकों के प्रदर्शन की समीक्षा की जाती है। बैठक में निर्धारित लक्ष्यों के मुकाबले बैंकों की उपलब्धियों का आकलन किया जाता है। जिन बैंकों का प्रदर्शन अपेक्षानुसार नहीं पाया जाता, उन्हें लक्ष्य पूर्ति के लिए निर्देशित और ताकीद किया जाता है।- मनीष रस्तोगी अपर मुख्य सचिव, मध्य प्रदेश शासन