
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मतदाता सूची के शुद्धीकरण के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कराए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कर सूची तैयार की। इसमें मतदाताओं की संख्या 5,39,81,065 रही, जबकि राज्य निर्वाचन आयोग ने अपने स्तर से जो सूची तैयार कराई, उसमें मतदाताओं की संख्या 5,67,21,353 रही।
इस प्रकार दोनों सूचियों में 27,40,288 मतदाताओं का अंतर है। चूंकि, यह बड़ी संख्या है इसलिए कांग्रेस ने तय किया है कि वह मतदाता सूची का सत्यापन कराएगी। इसके लिए 71,930 बूथ लेवल एजेंटों को घर-घर भेजा जाएगा।
कांग्रेस विशेष गहन पुनरीक्षण में मतदाता सूची से हटाए गए नामों को लेकर लगातार आपत्ति उठाती रही है। पार्टी का आरोप है कि जो नाम काटे गए, उनमें से कई पात्र थे। जबकि, एक ही मकान के पते पर कई मतदाताओं के नाम जोड़े गए।
कुल 42,74,160 नाम सूची से हटाए गए। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने जो मतदाता सूची तैयार कराई उसमें 5,67,21,353 के नाम दर्ज हैं। दोनों सूचियों में आए अंतर को लेकर पार्टी गंभीरता बरत रही है।
प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री संजय कामले का कहना है कि जिन सूचियों के आधार पर चुनाव होने हैं, उन्हें लेकर कई सवाल हैं इसलिए एक-एक मतदाता का सत्यापन कराया जाएगा। इसमें बूथ लेवल एजेंट घर-घर जाएंगे और देखेंगे कि जिन मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज हैं वे वास्तव में हैं भी या नहीं। इसके साथ ही जिनके नाम सूची से हटाए गए हैं, वे वहां रहते हैं या नहीं।
यदि इसमें कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो फिर सूची में सुधार के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन दिया जाएगा और इसकी प्रति मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के साथ राज्य निर्वाचन आयोग को भी भेजी जाएगी।