
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। खजूरी सड़क के बरखेड़ा बोंदर गांव में करवाचौथ की रात पति-पत्नी की खुदकुशी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। खजूरी सड़क थाना प्रभारी एसआई राजेंद्र सोलंकी के अनुसार, 24 वर्षीय शिवानी अहिरवार की पांच साल पहले सूरज उर्फ गुल्ला अहिरवार से शादी हुई थी। सूरज मजदूरी करता था। दंपती की कोई संतान नहीं थी। घर में सूरज की मां और दादी भी रहती हैं।
शिवानी ने पति की लंबी उम्र के लिए करवाचौथ का व्रत रखा था। रात करीब दस बजे दोनों ने पूजा की और चांद के दर्शन किए। इसके बाद सूरज ने कहा कि दोस्त बुला रहे हैं और वह उनसे मिलने जा रहा है। शिवानी ने उसे बाहर जाने से रोका।
लोगों के अनुसार, उसे आशंका थी कि सूरज किसी दूसरी महिला के पास जा रहा है। शिवानी ने यह भी कहा कि उसने खाना नहीं खाया है और सूरज के लौटने पर ही खाएगी। इसके बावजूद सूरज घर से चला गया।
रात करीब ढाई बजे लौटने पर सूरज ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन शिवानी ने नहीं खोला। मां और दादी की मदद से भी दरवाजा नहीं खुला। छत की चादर हटाकर देखने पर शिवानी साड़ी के फंदे से लटकी मिली।
यह भी पढ़ें- भिंड में करवाचौथ पर महिला को सांप ने डसा, पैर पर लिपटे सांप से नहीं घबराई; पटक-पटककर मार डाला
कुछ देर बाद सूरज घर से गायब हो गया। परिजन तलाश करते हुए घर से करीब सौ मीटर दूर पहुंचे, जहां वह पेड़ पर दुपट्टे से फंदा लगाकर मृत मिला। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। अधिकारी ने बताया कि परिजनों के बयान लिए जाएंगे, जिसके बाद घटना के कारण स्पष्ट होंगे।
थाना प्रभारी एसआई राजेंद्र सोलंकी ने बताया कि यह बात लोगों ने बताई है कि शिवानी को शंका थी कि उसका पति किसी दूसरी महिला के पास जा रहा है। उसके जान देने का कारण यह हो सकता है, स्वजनों के बयान के बाद ही कारण स्पष्ट होगा।