भिंड में करवाचौथ पर महिला को सांप ने डसा, पैर पर लिपटे सांप से नहीं घबराई; पटक-पटककर मार डाला
दोपहर में कमरे में आराम कर रही महिला को सांप ने पैर में डस लिया।
Publish Date: Fri, 30 Oct 2026 05:04:00 PM (IST)Updated Date: Fri, 30 Oct 2026 05:04:00 PM (IST)
करवाचौथ पर महिला को सांप ने डसा, नईदुनियाHighLights
- करवाचौथ पर महिला को सांप ने डसा
- बहादुरी दिखाकर सांप को मार डाला
- दो बेटियों, एक बेटे की मां है महिला
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। करवाचौथ के दिन जहां सुहागिनें पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखकर पूजा-अर्चना में जुटी थीं, वहीं एक महिला के साथ ऐसा वाकया हुआ कि सुनने वाले भी हैरान रह गए। दोपहर में कमरे में आराम कर रही महिला को सांप ने पैर में डस लिया।
दर्द के कारण नींद खुली तो उसने देखा कि सांप उसके पैर से लिपटा हुआ है। इसके बाद महिला ने घबराने के बजाय हिम्मत दिखाई और पैर से सांप को अलग कर पटक-पटककर मार डाला। बाद में पति उसे बाइक से जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। पति अपने साथ मरे हुए सांप को भी थैली में रखकर अस्पताल ले गया।
जानकारी के अनुसार, पांडरी निवासी किसान रणवीर सिंह की पत्नी करवाचौथ के दिन व्रत रखे हुए थीं। दोपहर के समय वह अपने कमरे में आराम कर रही थीं। इसी दौरान एक सांप उनके पैर से लिपट गया और उसने डस लिया।
दर्द होने पर खुली नींद
पैर में तेज दर्द होने पर महिला की नींद खुली तो सामने सांप देखकर वह चौंक गईं। सांप पैर से लिपटा हुआ था। ऐसी स्थिति में भी महिला ने हिम्मत नहीं खोई और किसी तरह सांप को पैर से अलग किया। इसके बाद उसे पटक-पटककर मार डाला।
महिला के पति रणवीर सिंह ने बताया कि घटना के समय वह खेत पर थे। पत्नी को सांप के डसने की जानकारी मिली तो वह तत्काल खेत से घर पहुंचे। इसके बाद बिना देर किए पत्नी को बाइक पर बैठाकर जिला अस्पताल भिंड लेकर आए। उन्होंने मरे हुए सांप को भी एक थैली में रख लिया और अपने साथ अस्पताल ले गए।
अस्पताल में महिला का उपचार किया गया। डाक्टरों के उपचार के बाद उसकी हालत ठीक बताई गई और छुट्टी दे दी गई।
हालांकि, डाक्टरों का कहना है कि सांप के डसने पर उसे मारने या पकड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। सबसे पहले नजदीक अस्पताल में उपचार के लिए जाना चाहिए।
दो बेटियों और एक बेटे की मां है महिला
रणवीर सिंह ने बताया कि उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। करवाचौथ के दिन हुई इस घटना से पूरा परिवार घबरा गया था, लेकिन समय पर अस्पताल पहुंचने और उपचार मिलने से पत्नी की हालत में सुधार हो गया। महिला की हिम्मत और सूझबूझ की चर्चा गांव में भी हो रही है।