
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अन्ना नगर में शुक्रवार रात हंसी-मजाक को लेकर शुरू हुए मामूली विवाद को लेकर हत्या हो गई। पड़ोसी सूरज को शक था कि विजय और उसकी पत्नी बातचीत के दौरान उसका मजाक उड़ा रहे हैं। इसी बात पर उसने दंपती से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सूरज ने अपने साथियों के साथ दोनों पर हमला कर दिया। बहन-जीजा को बचाने पहुंचे 22 वर्षीय रितिक गौड़ के सिर पर भी आरोपितों ने पत्थर मार दिया।
बाहर से चोट सामान्य दिखने के कारण वह घर चला गया, लेकिन करीब दो घंटे बाद तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गोविंदपुरा पुलिस ने आरोपितों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार 23 वर्षीय रितिक अन्ना नगर में रहता था और चाय की दुकान पर काम करता था।
उसके घर के पास ही उसकी बहन और जीजा विजय रहते हैं। शुक्रवार रात करीब 10 बजे विजय और उनकी पत्नी घर के बाहर खड़े होकर बातचीत और हंसी-मजाक कर रहे थे। पास मौजूद सूरज को लगा कि दोनों उसी पर टिप्पणी कर रहे हैं। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ।
यह भी पढ़ें- धार में पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे दामाद ने ससुर की चाकू मारकर की हत्या, पत्नी और दादी सास पर भी किया हमला
विजय और उसकी पत्नी ने गाली-गलौज का विरोध किया तो सूरज ने साथियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर रितिक मौके पर पहुंचा और दोनों को बचाने लगा। आरोपितों ने उसे भी लात-घूंसों से पीटा और सिर पर पत्थर मार दिया। घटना के बाद वह घर चला गया। रात करीब 12 बजे अचानक उसकी हालत बिगड़ गई।
परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सिर में इंटरनल ब्लीडिंग बताई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सूरज, उसके भाई कबीर समेत छह आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। सूरज और कबीर को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।