
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। चूनाभट्ठी थाना क्षेत्र में एक मामूली घरेलू विवाद में एक 14 वर्षीय बालिका ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। बालिका और उसके भाई के बीच कूलर के सामने सोने को लेकर कहासुनी हुई थी। कुछ देर बाद 14 वर्षीय छात्रा फांसी के फंदे पर लटकी मिली। स्वजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार चूनाभट्ठी निवासी आशी चौधरी (14) निजी स्कूल में कक्षा नौवीं की छात्रा थी। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में मां और बड़ा भाई है। मां एक बुटीक में नौकरी करती हैं।
घटना के समय मां काम पर गई हुई थीं और घर में केवल आशी तथा उसका 18 वर्षीय भाई मौजूद थे। रविवार शाम करीब चार बजे दोनों भाई-बहन कूलर के सामने आराम कर रहे थे। इसी दौरान कूलर के पास सोने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद भाई बाल कटवाने के लिए घर से बाहर चला गया। करीब दो घंटे बाद जब वह वापस लौटा तो कमरे का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। आशी कमरे में फंदे पर लटकी मिली।
उसने तुरंत पड़ोसियों को सूचना दी। वहां से सूचना पुलिस के पास पहुंची। पुलिस ने पड़ोसियों की मदद से उसे फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। चूनाभट्ठी थाना प्रभारी धर्मेंद्र मौर्य ने बताया कि जांच के दौरान कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटना से पहले भाई-बहन के बीच सामान्य विवाद हुआ था। पुलिस स्वजनों के विस्तृत बयान दर्ज करेगी। प्रशासन ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता बरतने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- खाली थैला लेकर लौटा, फिर एसिड पीकर दे दी जान, अब सदमे में परिवार... महंगाई की बलि चढ़ा सब्जी व्यापारी