_(1)_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए राहत की खबर है। जिन यात्रियों को नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है और टिकट वेटिंग या रिग्रेट में पहुंच चुके हैं, उनके लिए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों का विकल्प उपलब्ध कराया है। इटारसी होकर विभिन्न रूटों पर पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
इन ट्रेनों से मुंबई और पुणे से पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। इनमें लोकमान्य तिलक टर्मिनस-मऊ द्विसाप्ताहिक स्पेशल, पुणे-गोरखपुर दैनिक स्पेशल, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर दैनिक स्पेशल, पुणे-गाजीपुर सिटी द्विसाप्ताहिक स्पेशल और लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस द्विसाप्ताहिक स्पेशल शामिल हैं।
पुणे-गोरखपुर और लोकमान्य टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल 16 अक्टूबर से शुरू होकर नवंबर तक चलेंगी। मऊ, गाजीपुर और बनारस के लिए भी अक्टूबर-नवंबर के दौरान निर्धारित दिनों में अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे।
इटारसी होकर इन ट्रेनों के संचालन से भोपाल मंडल के यात्रियों को भी फायदा मिलेगा। खासकर दीपावली और छठ के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों के लिए नियमित ट्रेनों के अलावा इन स्पेशल ट्रेनों में सीट उपलब्ध होने पर यात्रा का विकल्प रहेगा। यात्रियों को टिकट बुक करने से पहले संबंधित ट्रेन की तारीख और उपलब्धता जरूर जांचने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें- भूस्खलन से पहले मिलेगी चेतावनी, आईआईटी इंदौर में चल रहा शोध, यूनियन मेडल से सम्मानित होंगी प्रो. नीलिमा सत्यम