
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दीपावली का त्योहार नजदीक है और मौसम भी बदल रहा है। ऐसे में अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए सीएमएचओ भोपाल डॉ. मनीष शर्मा ने शुक्रवार को जयप्रकाश जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आईसीयू, अस्थि रोग, आकस्मिक चिकित्सा इकाई, जनरल ओपीडी, मेडिसिन, शिशु रोग और श्वसन रोग विभाग की व्यवस्थाओं को देखा।
उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को इलाज में परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी विभागों में डॉक्टर, नर्स और दवाएं पर्याप्त मात्रा में मौजूद रहें।
डॉ. शर्मा ने अस्पताल में दीपावली के लिए बनाए गए बर्न वार्ड का भी मुआयना किया। पटाखों से जलने की घटनाओं को देखते हुए अस्पताल में पांच बिस्तरों का अलग वार्ड तैयार किया गया है। यहां जलने वाले मरीजों को तुरंत इलाज मिलेगा। इसके लिए विशेष दवाएं और ड्रेसिंग की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही उन्होंने सांस से जुड़ी बीमारियों के लिए ऑक्सीजन सिस्टम, नेबुलाइजर और वेंटिलेटर की क्रियाशीलता की जांच की। दवाओं की उपलब्धता भी देखी।
उन्होंने कहा कि सर्दी शुरू होने और आतिशबाजी से प्रदूषण बढ़ने पर अस्थमा और सांस के मरीज बढ़ सकते हैं, इसलिए पहले से ही पूरी तैयारी रखी जाए। सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि शीतकाल और अत्यधिक आतिशबाजी से प्रदूषण बढ़ने की संभावना रहती है। इसको देखते हुए सभी अस्पतालों में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहार के दौरान किसी को भी इलाज के लिए भटकना न पड़े।
यह भी पढ़ें- रेलवे स्टेशन बना शराब बिक्री का अड्डा, पटरी पर खड़े होकर बेच रहा था कच्ची शराब, राजगढ़ पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा