
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। शहर में अवैध शराब का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा। अब तो आरोपी बेखौफ होकर रेलवे स्टेशन जैसी सार्वजनिक जगह पर भी शराब बेचने लगे हैं। देहात पुलिस ने रविवार सुबह एक ऐसी ही कार्रवाई में एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पटरी पर लगा रखा था ठेका। जानकारी के अनुसार, देहात पुलिस के प्रधान आरक्षक गजराज सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास पटरी किनारे एक युवक अवैध शराब बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी।
मौके पर आरोपी शिवम पिता मुकेश कंजर, निवासी संजय नगर दूधी, रेलवे पटरी के पास खड़ा होकर आने-जाने वाले लोगों को कच्ची शराब बेच रहा था। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया।
यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों की बल्ले-बल्ले... अब सिर्फ 45 पैसे में मिलेगा 10 लाख का सुरक्षा कवच, काउंटर टिकट पर नई सुविधा
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से करीब 10 लीटर कच्ची हाथ भट्टी की शराब बरामद की गई है। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी शराब कहां से लाता था और उसके तार और कहां-कहां जुड़े हैं।