
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। श्यामलाहिल्स क्षेत्र में मुख्यमंत्री निवास के पास आंखों में मिर्च पाउडर डालकर डाक्टर से हुई सनसनीखेज लूट को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। लूट की इस हाई-प्रोफाइल वारदात की स्क्रिप्ट किसी बदमाश ने नहीं, बल्कि डॉक्टर की ही एक महिला मित्र ने तैयार की थी।
उसने पूरी प्लानिंग कर लुटेरों को डाक्टर के पीछे लगा दिया और फिर बदमाशों ने सुनसान क्षेत्र में वारदात को अंजाम दिया। श्यामलाहिल्स पुलिस ने मास्टरमाइंड आलिया खान और उसके साथी अरशान खान को गिरफ्तार किया है।
जांच में क्या निकला
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित आलिया खान डाक्टर मनोज वर्मा की करीबी परिचित थी और उनकी दिनचर्या, रूटीन और आदतों से भली-भांति वाकिफ थी। उसने अपने साथियों को बताया कि डाक्टर रोज सुबह साइकिलिंग के लिए निकलते हैं और हाथ में करीब 11 तोले का सोने का कड़ा पहनते हैं। यही लालच इस पूरी साजिश की वजह बना
पुलिस ने क्या बताया
पुलिस के अनुसार आरोपितों ने डाक्टर की मूवमेंट की रेकी की। वारदात वाले दिन पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने पालिटेक्निक रोड पर सुनसान क्षेत्र में डाक्टर के पहुंचने का इंतजार किया और जैसे ही मौका मिला, टक्कर मारकर डाक्टर को गिराया और फिर लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान की। जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, शक की सुई सीधे आलिया खान पर जाकर टिक गई।
ऐसे हुआ साजिश का खुलासा
हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने पूरी साजिश कबूल करते हुए अपने साथी अरशान खान का नाम लिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य लूट के आरोपित अभी फरार हैं।
एनजीओ का संचालन करती है आरोपित
27 वर्षीय आलिया खान रेतघाट, तलैया क्षेत्र की रहने वाली है। वह खुद को समाज सेविका बताती है और एक एनजीओ चलाती है। सुबह की सैर के दौरान ही उसकी मुलाकात डाक्टर मनोज वर्मा से हुई थी। इसके बाद उसने डाक्टर के बारे में जानकारी जुटाई।
आलिया के विरुद्ध पूर्व में चोरी का एक प्रकरण भी मिला है। आरोपित बदमाश अरशान को पहले से जानती थी, उसके साथ मिलकर आलिया ने साजिश रची और फिर 10 अप्रैल को सुबह करीब 10 बजे किलोल पार्क के सामने तीन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
अरशान ने पीछा किया, टक्कर मारकर गिराया
22 वर्षीय अरशान खान पिता सुलेमान, काजीकैंप, टीला जमालपुरा क्षेत्र का रहने वाला है। उसके खिलाफ भी पुलिस को आपराधिक रिकार्ड मिले हैं। घटना के दिन अरशान खान ने डाक्टर मनोज वर्मा का लगातार पीछा किया और फिर प्लानिंग के तहत किलोल पार्क के सामने साइकिल सवार डाक्टर मनोज को टक्कर मारकर गिराया।
इसके बाद अरशान के दो अन्य साथियों ने मिर्च पाउडर डालकर डाक्टर को लूट लिया। बाद में अरशान अन्य दोनों साथियों को लेकर अपनी बाइक पर बैठाकर फरार हो गया।
अधिकारियों का क्या कहना
मयूर खंडेलवाल, प्रभारी डीसीपी जोन-3 का कहना है कि डॉक्टर से हुई लूट के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला भी शामिल है, जो पीड़ित की पूर्व परिचित है। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में शराब दुकान के सामने 'भजन-कीर्तन', ईंटखेड़ी में ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर बंद कराया शटर