
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी भोपाल के शाहजहांनाबाद क्षेत्र में आवारा कुत्तों का खौफ इस कदर बढ़ गया है कि अब लोग अपने घरों के भीतर भी सुरक्षित नहीं हैं। नूर महल लाल मस्जिद रोड पर स्थित एक मकान में घुसकर आवारा कुत्ते ने 8 साल के मासूम इब्राहिम पर जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के चेहरे को बुरी तरह नोंच लिया, जिसके बाद गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
हमले में इब्राहिम के चेहरे पर चार गंभीर घाव आए हैं। अत्यधिक चोट होने के कारण डॉक्टरों को बच्चे की सर्जरी करनी पड़ी। इब्राहिम पिछले 5 दिनों से हमीदिया अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद से मासूम और उसका परिवार गहरे सदमे में है।
स्थानीय रहवासियों के अनुसार, इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक चरम पर है। पिछले मात्र 5 दिनों के भीतर ये कुत्ते 15 से अधिक लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। रहवासियों का दावा है कि क्षेत्र में 50 से अधिक आवारा कुत्तों का झुंड खुलेआम घूम रहा है। ये कुत्ते अक्सर रास्ते से गुजरने वाले छोटे बच्चों और मस्जिद में नमाज अदा करने जाने वाले नमाजियों के पीछे दौड़ पड़ते हैं, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में आवारा कुत्तों का आतंक, घर के बाहर खेल रही 8 साल की मासूम पर हमला; जांघ पर काटा
लगातार हो रहे हमलों के बावजूद प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। रहवासियों ने क्षेत्रीय विधायक आतिफ अकील, स्थानीय पार्षद और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों से बार-बार शिकायत की है, लेकिन अब तक कुत्तों को पकड़ने या नसबंदी अभियान चलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।