
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में आवारा कुत्तों का आतंक बच्चों के लिए खतरा बनता जा रहा है। शनिवार दोपहर गुढ़ा-गुढ़ी का नाका क्षेत्र में घर के बाहर खेल रही आठ साल की बच्ची पर कुत्ते अचानक हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची की जांघ पर कई जगह काट लिया, जिससे वह घायल हो गई। बच्ची की चीख सुनकर मां घर से बाहर दौड़ी और कुत्ते को भगाकर बेटी को बचाया।
गुढ़ा-गुढ़ी का नाका निवासी मुख्तियार की बेटी अनन्या (8) तीसरी कक्षा में पढ़ती है। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे वह घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। बच्ची संभल पाती, इससे पहले ही कुत्ते ने उसे कई जगह काट लिया। बच्ची की चीख सुनकर मां मौके पर पहुंची और कुत्ते को भगाया। घटना के बाद स्वजन घायल बच्ची को जयाआरोग्य अस्पताल के पीएसएम विभाग लेकर पहुंचे।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। हमले के बाद बच्ची काफी डरी हुई है। उसकी मां का कहना है कि संबंधित कुत्ता पहले भी मोहल्ले के कई बच्चों को काट चुका है। इसके बावजूद उसे पकड़ने या हटाने की कार्रवाई नहीं हुई।
आवारा कुत्तों के काटने की घटनाओं के बीच शनिवार को हजार बिस्तर अस्पताल की ओपीडी में 89 मरीज एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरबी) लगवाने पहुंचे। यह आंकड़ा कुत्ते के काटने के बाद उपचार और टीकाकरण की जरूरत को दर्शाता है। ऐसे में आवारा कुत्तों पर नियंत्रण और बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाना जरूरी है।