
मदनमोहन मालवीय, भोपाल। मध्य प्रदेश में हजारों परिवारों को नया घरेलू गैस कनेक्शन तक नहीं मिल पा रहा है। मार्च 2026 से नए घरेलू एलपीजी कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया ठप पड़ी है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में करीब 70 हजार आवेदन लंबित हैं। गैस कंपनियों ने कनेक्शन जारी करने वाले सॉफ्टवेयर से ही 14.2 किलो के घरेलू सिलिंडर का विकल्प हटा दिया है।
यानी उपभोक्ता आवेदन लेकर एजेंसी पहुंच रहे हैं, लेकिन व्यवस्था में उनके लिए कनेक्शन देने का रास्ता ही बंद है। इसका सीधा असर उन परिवारों पर पड़ रहा है, जो पहली बार एलपीजी कनेक्शन लेना चाहते हैं। पहले करीब चार हजार रुपये में चूल्हा, रेगुलेटर और भरे सिलिंडर सहित घरेलू कनेक्शन मिल जाता था। अब इन परिवारों को छोटे सिलिंडर, कमर्शियल गैस या खुले बाजार के महंगे विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार भोपाल में इंडेन, एचपी और भारत गैस की 38 एजेंसियों पर करीब 20 हजार आवेदन लंबित हैं। रोजाना आठ से दस उपभोक्ता एजेंसियों में पहुंचकर कनेक्शन शुरू होने की जानकारी मांग रहे हैं। लेकिन एजेंसी संचालक भी कोई निश्चित तारीख नहीं बता पा रहे हैं।
इंदौर में भी करीब 20 हजार आवेदन अटके हैं। ऐसे में नए घरेलू कनेक्शन के अभाव में पांच किलो के छोटे सिलिंडर की रिफिलिंग के लिए 500 से 700 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। वहीं 10 किलो के सिलिंडर का कनेक्शन करीब 4800 रुपये में पड़ रहा है। दूसरी ओर नियमित घरेलू उपभोक्ता 14.2 किलो का सिलिंडर करीब 950 रुपये में ले रहे हैं।
ग्वालियर की करीब 40 गैस एजेंसियों पर 15 हजार और जबलपुर में भी करीब 15 हजार नए कनेक्शन के आवेदन लंबित हैं। यहां 30 सितंबर तक ईकेवाईसी पूरी करने वाले उपभोक्ताओं के मौजूदा कनेक्शन चालू हैं, लेकिन नए कनेक्शन की शुरुआत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
आपूर्ति विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि नए कनेक्शन पर रोक लगी हुई है, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं है। हालांकि पिछले दिनों हुई बैठकों से पता चला है कि प्रदेशभर में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) का काम तेजी से चल रहा है। जहां आपूर्ति शुरू हो गई है, वहां के उपभोक्ता कनेक्शन सरेंडर भी कर रहे हैं। पीएनजी पर अधिक जोर ही नए कनेक्शन पर रोक का कारण होना बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में अवैध निर्माणों पर चला निगम का बुलडोजर, करोंद व खजूरी कलां में तोड़ी गईं कॉलोनियों की सड़कें
घरेलू गैस सिलिंडर के नए कनेक्शन जारी करने का आदेश अभी कंपनियों से नहीं आया है, जबकि 10 किलो वजन वाला सिलिंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है। कंपनियों ने मार्च से नए कनेक्शन पर रोक लगाई है, अब अगले आदेश के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। - आरके गुप्ता, अध्यक्ष, एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूशन एसोसिएशन