
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रिहायशी इलाकों में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों और नियमों को ताक पर रखकर किए गए निर्माणों पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को नगर निगम की भवन अनुज्ञा शाखा के अमले ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में अतिक्रमण अमले के साथ मिलकर कार्रवाई की।
इस दौरान करोंद और खजूरी कलां क्षेत्र में बिना अनुमति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों की सड़कों को तोड़ दिया। वहीं, अरेरा कॉलोनी, मालवीय नगर, पंचशील नगर जैसे क्षेत्रों में भवन अनुज्ञा शाखा की अनुमति से अतिरिक्त किए गए निर्माणों को भी ध्वस्त कर दिया।
दरअसल, नगरीय प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव (एसीएस) संजय दुबे ने बुधवार को नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर शहर में एमओएस (मार्जिन), एफएआर नियमों के उल्लंघन, बेसमेंट के दुरुपयोग और अवैध निर्माणों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि जानकारी होने के बावजूद अधिकारी सिर्फ नोटिस जारी कर औपचारिकता पूरी कर रहे हैं, जबकि अवैध निर्माण लगातार जारी हैं।
एसीएस ने अवैध निर्माणों की तत्काल समीक्षा कर कार्रवाई करने और जिन भवन अधिकारियों, सिटी इंजीनियरों तथा अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत से निर्माण हो रहे हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद निगम आयुक्त ने अधिकारियों की बैठक लेकर अवैध निर्माणों पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अगले ही दिन गुरुवार से निगम का अमला शहर के अलग-अलग हिस्सों में बुलडोजर लेकर पहुंचा और अवैध निर्माणों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया।
करोंद के पलासी क्षेत्र में करीब 25 एकड़ में बिना अनुमति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में निगम के अमले ने बुलडोजर चलाकर सड़कें तोड़ दीं। वहीं, खजूरी कलां में करीब एक एकड़ में विकसित की जा रही एसआर ग्रीन कॉलोनी में जेसीबी की मदद से कॉलोनी की सड़कें हटाई गईं। निगम अधिकारियों के अनुसार, दोनों जगह बिना अनुमति कॉलोनी विकसित की जा रही थी। इसके अलावा अरेरा कॉलोनी में अवैध निर्माण, मालवीय नगर, जहांगीराबाद और पंचशील नगर सहित अन्य क्षेत्रों में भी निगम ने अवैध निर्माणों को तोड़ने की कार्रवाई की।
यह भी पढ़ें- इंदौर में आधी रात को बदमाश ने दनादन 6 गोलियां चलाकर फैलाई दहशत, कॉलोनी के गार्ड को देख हुआ फरार