
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। साधु की वेशभूषा, कंधे पर काला थैला और उसके भीतर छिपाकर रखा गांजा। कोहेफिजा पुलिस ने साधु के भेष में मादक पदार्थ लेकर घूम रहे एक 62 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित थैले में नारंगी पालीथिन के भीतर करीब एक किलो गांजा छिपाकर ले जा रहा था। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार 23 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मनुआभान टेकरी स्थित शनि मंदिर के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर निगरानी शुरू की।
कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए का एक व्यक्ति साधु के वेश में कंधे पर काला थैला टांगकर मंदिर की तरफ आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो थैले के भीतर नारंगी पालीथिन में गांजा मिला।
यह भी पढ़ें- भोपाल में धरना दे रहे किसानों को पुलिस ने हटाया, बसों में भरकर भेजा थाने, गन्ने का भाव ₹600 करने पर अड़े
पूछताछ में आरोपित की पहचान आनंद विश्वकर्मा उर्फ आनंदी बाब (62), निवासी बैरागढ़ गांव कलां, फूलबगिया के रूप में हुई। उसके पास से करीब एक किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है कि वह गांजा कहां से लेकर आया था और इसे किसे सप्लाई करने वाला था। पुलिस उसके संपर्कों और मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।