
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने और 50 रुपये अतिरिक्त बोनस देने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। होशंगाबाद रोड स्थित वीर सावरकर सेतु के समीप सर्विस रोड पर धरना दे रहे किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और बसों के माध्यम से कजलीखेड़ा थाने भेज दिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशासन ने आंदोलन स्थल को पूरी तरह खाली करा लिया है।
प्रदर्शनकारी किसान अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से धरना स्थल पर जमे हुए थे। उनका स्पष्ट कहना था कि जब तक सरकार गन्ने के दाम बढ़ाने पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। पुलिस की कार्रवाई के बाद किसानों ने आरोप लगाया कि वे पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रख रहे थे, इसके बावजूद प्रशासन ने बलपूर्वक उन्हें वहां से हटाया है।
यह भी पढ़ें- एमपी में 8 बाघों की मौत से 10 राज्यों में अलर्ट, कैनाइन डिस्टेंपर वायरस की रोकथाम को लेकर सरिस्का में मंथन
पुलिस कार्रवाई से पूर्व किसान नेताओं ने जानकारी दी थी कि आंदोलन को समर्थन देने के लिए नर्मदापुरम (होशंगाबाद) क्षेत्र से भी बड़ी तादाद में किसान भोपाल कूच कर रहे हैं। इससे पहले कृषि विभाग के सचिव निशांत वरवड़े के साथ हुई चर्चा के बाद किसानों ने उम्मीद जताई थी कि बुधवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बीच गन्ने के भाव को लेकर अहम चर्चा प्रस्तावित है।