पर्स में छिपाकर ले जाई जा रही थी 2.604 किलोग्राम एम्फेटामाइन ड्रग्स; DRI ने भोपाल में ISBT पर महिला तस्कर को पकड़ा
डीआरआई ने बरामद पदार्थ जब्त कर महिला को गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है और महिला से पूछताछ जारी है।
Publish Date: Thu, 15 Oct 2026 10:35:41 AM (IST)Updated Date: Thu, 15 Oct 2026 10:35:41 AM (IST)
आईएसबीटी भोपाल पर महिला से डीआरआई ने बुधवार को 2.604 किलोग्राम एम्फेटामाइन ड्रग्स बरामद किया। सौजन्य: पुलिसHighLights
- भोपाल आईएसबीटी के पास महिला गिरफ्तार
- बैगपैक और पर्स से 2.604 किलो मादक पदार्थ बरामद
- दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस में बैठी थी महिला
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एक बस में यात्रा कर रही महिला यात्री को भोपाल के आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 2.604 किलोग्राम एम्फेटामाइन ड्रग्स बरामद की गई है।
डीआरआई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक महिला यात्री भारी मात्रा में मादक पदार्थ के साथ सफर कर रही है। इस पर मंगलवार को यह कार्रवाई की गई। बस के आईएसबीटी भोपाल पहुंचते ही, डीआरआई के अधिकारियों ने यात्री को रोक लिया।
बैगपैक और पर्स की तलाशी
विस्तृत जांच के दौरान महिला के बैगपैक और पर्स की तलाशी ली गई, जिसमें उसके बैकपैक के अंदर छिपाए गए चांदी के रंग के प्लास्टिक पैकेट से 1885 ग्राम एम्फेटामाइन और पर्स के अंदर रखे एक अन्य चांदी के रंग के प्लास्टिक पैकेट से 719 ग्राम एम्फेटामाइन बरामद हुआ।
करोड़ों की है ड्रग्स
एनडीपीएस फील्ड टेस्ट किट से किए गए परीक्षणों में बरामद पैकेटों में मेथामेथैमाइन की उपस्थिति की पुष्टि हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करोड़ों रुपये में बताई जा रही है।
डीआरआई ने ड्रग्स को जब्त कर लिया है और एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत महिला तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। महिला से पूछताछ जारी है।