सलवार सूट के पैकेटों में छिपाकर लाई जा रही 9 किलो ड्रग्स जब्त, DRI ने तस्कर को भोपाल ISBT पर पकड़ा
डीआरआई की टीम ने मंगलवार सुबह भोपाल के आईएसबीटी में दिल्ली से बस से आए यात्री के दो ट्रॉली बैग की तलाशी ली। इनमें कपड़ों के पैकेटों के बीच प्लास्टिक क...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 21 Oct 2026 08:48:53 AM (IST)Updated Date: Wed, 21 Oct 2026 08:48:53 AM (IST)
फाइल फोटो।HighLights
- सलवार-सूट के पैकेटों में छिपाई थी ड्रग्स
- तस्कर से 9.1 किलोग्राम मेथामफेटामाइन जब्त
- भोपाल में लगातार सामने आ रहे तस्करी के मामले
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई के बीच राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने भोपाल में मेथामफेटामाइन ड्रग्स पकड़ी है। यहां अंतरराज्यीय बस स्टैंड (आईएसबीटी) में डीआरआई की टीम ने मंगलवार सुबह दिल्ली से बस में आ रहे एक यात्री को पकड़ा।
उसके पास मौजूद दो मध्यम आकार के ट्राली बैग की तलाशी लेने पर सलवार-सूट के पैकेटों में छिपाकर रखे गए प्लास्टिक के 11 पैकेट मिले। इनमें कुल 9.1 किलोग्राम क्रिस्टलीय मेथामफेटामाइन था।
सूचना मिलने पर पकड़ा
डीआरआई की खुफिया जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई। बरामद पदार्थ की जांच एनडीपीएस फील्ड टेस्ट किट से की गई, जिसमें ड्रग्स की पुष्टि हुई। मादक पदार्थ जब्त कर आरोपित को एनडीपीएस एक्ट अंतर्गत गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
लगातार की जा रही कार्रवाई
बता दें कि भोपाल में मादक पदार्थों की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इससे पहले डीआरआई ने 14 अक्टूबर को आईएसबीटी पर ही दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस में सवार एक महिला से 2.6 किलोग्राम एम्फेटामाइन जब्त की थी।
इससे पहले सितंबर में डीआरआई ने भोपाल जंक्शन और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर दो अलग-अलग कार्रवाई में 4.3 किलोग्राम एम्फेटामाइन जब्त की थी। इन मामलों में एक भारतीय पुरुष और एक नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार किया गया था।