
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। भोपाल के अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) पर एक माह में तीसरी बार ड्रग जब्त की गई है। रविवार सुबह डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की टीम ने दिल्ली से बस में आए दो यात्रियों के पास से 4.321 किलोग्राम मेथामफेटामाइन जब्त की।
दोनों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। डीआरआई को सूचना मिली थी कि दिल्ली से दो व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर बस से भोपाल पहुंचेंगे। टीम ने बस आते ही दोनों को पकड़ लिया।
एक यात्री के बैग से आठ प्लास्टिक पैकेट मिले, जिनमें 4071 ग्राम सफेद क्रिस्टल जैसा पदार्थ था। दूसरे यात्री ने 250 ग्राम के दो पैकेट काले पाउच में रखकर पैंट में छिपा रखे थे। फील्ड टेस्ट किट से जांच में सभी पैकेटों में एम्फेटामाइन की पुष्टि हुई। खेप किसके लिए लाई गई थी और कहां पहुंचाना था, इसकी जांच की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, तस्कर बड़े बैग में छोटे पैकेट कपड़ों के भीतर छिपाकर सामान्य यात्री की तरह सफर करते हैं। वे लंबी दूरी की बसों और यात्रियों की आवाजाही का फायदा उठाने की कोशिश करते हैं। इससे पहले 14 अक्टूबर को महिला यात्री के पर्स से 2.604 किलो एम्फेटामाइन और 20 अक्टूबर को युवक के दो ट्रॉली बैग से 9.139 किलो मेथामफेटामाइन जब्त की गई थी। दूसरी खेप सलवार-सूट के पैकेटों के बीच छिपाई गई थी।
यह भी पढ़ें- धनतेरस पर गांव पहुंचेंगे MP के मंत्री-विधायक... 'मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना' की खुद कराएंगे रजिस्ट्री