नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में एमडी ड्रग्स की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे दो युवकों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। दोनों बुधवार रात कमला नगर थाना क्षेत्र में खुशीलाल अस्पताल के पास खाली मैदान में बाइक पर बैठकर ग्राहक का इंतजार कर रहे थे।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से कुल 2.46 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली। पुलिस ने बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
आरोपितों सतनाम भाटिया उर्फ सरदार (25), निवासी कैंची छोला और दर्शन दवे (23), निवासी राजेंद्र नगर कालोनी के रहने वाले हैं। सतनाम की जेब से 1.12 ग्राम और दर्शन के पास सिगरेट की डिब्बी से 1.34 ग्राम एमडी बरामद हुई। सतनाम के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 और 29 के तहत मामला दर्ज है, जबकि दर्शन पर बजरिया थाने में चोरी और चोरी का माल रखने का केस दर्ज है।
दोनों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने एनडीपीएस एक्ट के तहत नया मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मोबाइल की जांच कर ड्रग्स के सप्लायर और खरीदारों का पता लगा रही है।
इस महीने हर दूसरे दिन कार्रवाई
3 नवंबर: नजीराबाद के ग्राम गढ़ाकला में 1.8 किलो गांजे के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार।
11 नवंबर: गोविंदपुरा में 10.1 किलो गांजे के साथ महिला और बागसेवनिया के होटल में एमडी जैसे पदार्थ के साथ युवक पकड़ा गया।
13 नवंबर: एमपी नगर जोन-1 में 12.76 ग्राम एमडी जैसे पदार्थ के साथ युवक गिरफ्तार।
14 नवंबर: गौतम नगर में 8.269 किलो गांजे के साथ दो महिलाओं सहित तीन आरोपित गिरफ्तार।
15 नवंबर: ईदगाह हिल्स की वाजपेयी नगर मल्टी से 741 ग्राम चरस, 387 ग्राम गांजा और 606 इंजेक्शन जब्त; एक महिला गिरफ्तार।
15 नवंबर: आइएसबीटी पर 970 ग्राम क्रिस्टल एमडी के साथ बेंगलुरु का युवक गिरफ्तार।
17 नवंबर: एमपी नगर और साकेत नगर में 14.19 ग्राम एमडी के साथ महिला और उसका साथी गिरफ्तार।
18 नवंबर: निर्माणाधीन बिल्डिंग में ग्राहक को एमडी सप्लाई करने पहुंची कानपुर की महिला तस्कर गिरफ्तार, 4.66 ग्राम एमडी जब्त।