दुपट्टे में छिपा रखी थी 4.66 ग्राम ड्रग्स; कानपुर से भोपाल सप्लाई करने पहुंची महिला गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच ने वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे निर्माणाधीन भवन के पास एमडी ड्रग्स की सप्लाई करने पहुंची कानपुर की 33 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया।
By Brajendra rishishwarEdited By: bhupendra Singh Rajput
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 01:00:21 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 01:10:47 PM (IST)
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी महिला। सौ-पुलिसHighLights
- वीआईपी गेस्ट हाउस के पास पकड़ाई महिला
- एमडी ड्रग्स की सप्लाई करने कानपुर से आई
- दुपट्टे की गांठ से 4.66 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में एमडी ड्रग्स की सप्लाई करने पहुंची कानपुर की एक महिला को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 4.66 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.35 लाख रुपये बताई गई है। आरोपित महिला ग्राहक को ड्रग्स की डिलीवरी देने के लिए वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे स्थित एक निर्माणाधीन भवन के पास पहुंची थी। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे निर्माणाधीन भवन के पास एक महिला एमडी ड्रग्स लेकर खड़ी है और ग्राहक को इसकी सप्लाई करने वाली है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध महिला को पकड़ लिया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम साजिया आलम (33) पिता स्वर्गीय मेहबूब आलम बताया। वह मूल रूप से बेगमगंज चमनगंज, थाना आर्य नगर, कानपुर (उत्तर प्रदेश) की निवासी है और वर्तमान में भोपाल की इंद्र विहार कॉलोनी, लालघाटी में रह रही थी।
दुपट्टे की गांठ में छिपा रखी थी ड्रग्स
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान महिला के गले में पड़े दुपट्टे की गांठ से पारदर्शी प्लास्टिक की पन्नी मिली। इसमें पीले रंग का पाउडरनुमा पदार्थ रखा था। महिला ने इसे एमडी ड्रग्स बताया। तौल करने पर इसका वजन 4.66 ग्राम निकला। पुलिस ने ड्रग्स के साथ उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
सप्लायर और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही पुलिस
क्राइम ब्रांच ने साजिया आलम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर ड्रग्स के स्रोत, सप्लायर और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान जारी है।