नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अशोकागार्डन क्षेत्र में परिवार से झगड़े के बाद एक वृद्ध ने फांसी लगा ली। वृद्ध का आए दिन शराब पीने को लेकर पत्नी व बच्चों से विवाद हो गया था। शनिवार रात को भी घर आने के बाद उसका झगड़ा हुआ था, इसके बाद वह कमरे में जाकर सो गया। सुबह स्वजनों ने देखा तो वृद्ध फांसी के फंदे पर लटका मिला।
अशोकागार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल के अनुसार 55 वर्षीय लालाराम अहिरवार रूपनगर में रहकर आटो चलाने का काम करते थे। शनिवार रात करीब दस बजे वह घर पहुंचे थे। झगड़े के बाद वह अपने कमरे में गए, स्वजनों को सुबह उनका शव फंदे पर लटका मिला। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
ऐशबाग क्षेत्र में एक 14 वर्षीय बालिका से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। बालिक अपने घर से मोहल्ले की दुकान पर सामान खरीदने गई थी। इस दौरान पड़ोस के दो युवक उसका पीछा कर रहे थे और रास्ते में अकेला पाकर उससे छेड़छाड़ कर दी।
इसे भी पढ़ें... शराब दुकान में घुसकर आठ लाख की शराब बोतल तोड़ी, आखिर आदिवासियों में क्यों था रोष
घटना गुरूवार रात दस बजे की है, बच्ची ने शनिवार रात को स्वजनों को यह बात बताई, जिसके बाद ऐशबाग थाने में शिकायत पर दो आरोपितों पर केस दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार 14 वर्षीय पीड़िता के स्वजनों ने मोहल्ले की दुकान पर उसे भेजा था। वह सामान लेकर वापस जब घर आ रही थी तब पड़ोसी फैजल व आफताब ने उससे छेड़छाड़ की। शिकायत होने के बाद से आरोपित भाग निकले, पुलिस उनकी तलाश कर रही है।